खारून नदी में नहाने के दौरान युवक बहा, SDRF ने घंटों की मशक्कत के बाद शव निकाला
दुर्ग जिले के अम्लेश्वर में पिकनिक मनाने पहुंचे 22 वर्षीय युवक की खारून नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। SDRF की टीम ने कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
UNITED NEWS OF ASIA. दुर्ग। दुर्ग जिले के अम्लेश्वर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खारून नदी में नहाने के दौरान 22 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया गया।
मृतक की पहचान टोमेश के रूप में हुई है, जो रायपुर का निवासी था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टोमेश अपने 12 दोस्तों के साथ अम्लेश्वर क्षेत्र में पिकनिक मनाने पहुंचा था। सभी दोस्तों ने पिकनिक के बाद खारून नदी में नहाने का निर्णय लिया। इसी दौरान टोमेश नदी के तेज बहाव में फंस गया और कुछ ही क्षणों में पानी के साथ बह गया।