Balrampur News : आमगांव में नाली निर्माण घोटाला उजागर, शिकायत के बाद आनन-फानन में शुरू हुआ काम
बलरामपुर जिले के आमगांव में नाली निर्माण के नाम पर लाखों रुपये निकालने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद अचानक निर्माण कार्य शुरू कर लीपापोती की कोशिश का आरोप लगाया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर | बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत शंकरगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत आमगांव में विकास कार्यों के नाम पर बड़े भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। आरोप है कि वर्ष 2023 और 2024 में स्वीकृत नाली निर्माण की राशि का आहरण तो कर लिया गया, लेकिन जमीन पर नाली का कोई अस्तित्व नहीं था।
मामले का खुलासा वर्ष 2026 में तब हुआ जब ग्रामीणों को जानकारी मिली कि जिस नाली के लिए वे वर्षों से इंतजार कर रहे थे, उसका भुगतान पहले ही किया जा चुका है। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर जनपद पंचायत सीईओ से लिखित शिकायत की।
शिकायत के बाद पंचायत सचिव और संबंधित अधिकारियों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जांच की आंच से बचने के लिए आनन-फानन में गांव में निर्माण सामग्री गिराकर नाली निर्माण का काम शुरू किया गया है।
ग्रामीणों ने इसे “कागज की नाली” को जमीन पर उतारने की कोशिश बताते हुए कहा कि 2023-24 की राशि को 2026 में खर्च करना स्पष्ट वित्तीय अनियमितता है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि दबाव बनाकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामवासियों ने मांग की है कि जब तक पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच नहीं हो जाती, तब तक इस निर्माण कार्य को मान्यता न दी जाए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि तीन साल तक निर्माण क्यों नहीं हुआ और बिना काम के भुगतान कैसे जारी कर दिया गया।
इस पूरे प्रकरण ने पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।