पंडरिया विधानसभा को ₹8.03 करोड़ की सौगात: विधायक भावना बोहरा की पहल से विकास कार्यों को मिली रफ्तार

पंडरिया विधानसभा में विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से ₹8.03 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इसमें स्वच्छता, जल प्रबंधन, अधोसंरचना और पंचायत भवन निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

Apr 26, 2026 - 17:06
 0  2
पंडरिया विधानसभा को ₹8.03 करोड़ की सौगात: विधायक भावना बोहरा की पहल से विकास कार्यों को मिली रफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों और सक्रियता से नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न परियोजनाओं के लिए ₹8 करोड़ 3 लाख 67 हजार की बड़ी राशि स्वीकृत हुई है। यह राशि स्वच्छता, जल प्रबंधन, अधोसंरचना विकास और पंचायत स्तर की सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस स्वीकृति के तहत नगर पंचायत पांडातराई में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी-2.0) के अंतर्गत इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन के साथ सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए ₹3 करोड़ 6 लाख 88 हजार की मंजूरी मिली है। यह परियोजना नगर में गंदे पानी के उचित प्रबंधन के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती देगी।

इसके अलावा नगर पालिका पंडरिया, नगर पंचायत इंदौरी और पांडातराई में अधोसंरचना मद तथा राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत ₹3 करोड़ 36 लाख 79 हजार के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों के तहत इंदौरी में दुकानों का निर्माण, मांगलिक भवन और मुक्तिधाम उन्नयन जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और सामाजिक सुविधाओं में वृद्धि होगी।

ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को ध्यान में रखते हुए पंडरिया विधानसभा के आठ ग्राम पंचायतों—बगदई, बिरनपुरकला, नवागांवखुर्द, रेंगाबोड़, रंजीतपुर, जंगलपुर, अतरियाखुर्द और कुण्डा—में नए पंचायत भवनों के निर्माण के लिए ₹1 करोड़ 60 लाख की स्वीकृति दी गई है। यह पहल पंचायतों को सशक्त बनाने और ग्रामीण प्रशासन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

विधायक भावना बोहरा ने इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृतियां पंडरिया क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव के पंडरिया प्रवास के दौरान नगरीय निकायों में विकास कार्यों की मांग रखी गई थी, जिसके बाद इंदौरी और पांडातराई में 1-1 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की गई थी, जिन्हें अब औपचारिक स्वीकृति मिल गई है।

विधायक बोहरा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से पंडरिया विधानसभा में लगातार विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। स्वच्छता, जल प्रबंधन और अधोसंरचना विकास के इन कार्यों से न केवल नगरों की तस्वीर बदलेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने यह भी जोर दिया कि पंचायत भवनों का निर्माण केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गांवों में सुशासन, आत्मनिर्भरता और विकास की मजबूत नींव रखेगा।

इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय विकास को नई दिशा मिलेगी। पंडरिया विधानसभा में हो रहे ये विकास कार्य आने वाले समय में क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि का आधार बनेंगे।