वीएसके ऐप की तकनीकी दिक्कतें 15 अगस्त तक होंगी दूर, किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा: गजेंद्र यादव

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया कि वीएसके ऐप की तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। 15 अगस्त तक सभी तकनीकी त्रुटियों के समाधान का लक्ष्य तय किया गया है।

Jul 31, 2026 - 11:57
 0  2
वीएसके ऐप की तकनीकी दिक्कतें 15 अगस्त तक होंगी दूर, किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा: गजेंद्र यादव

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने वीएसके (VSK) ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर शिक्षकों को राहत देते हुए कहा है कि ऐप की खामियों के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षक संगठनों और शिक्षकों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया है तथा सभी तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को दिए गए हैं।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य 15 अगस्त तक वीएसके ऐप में आ रही सभी तकनीकी त्रुटियों का निराकरण कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाना है, ताकि शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से यदि किसी शिक्षक की उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और किसी प्रकार की वेतन कटौती नहीं होगी।

गजेंद्र यादव ने प्रदेश के शिक्षकों के सहयोग और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में लगभग एक लाख 75 हजार शिक्षकों में से करीब डेढ़ लाख शिक्षक नियमित रूप से वीएसके ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह कुल शिक्षकों का लगभग 85 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा दर्शाता है कि शिक्षक नई तकनीक को अपनाने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह तथा आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार उनके समर्पण और सहयोग का सम्मान करती है। शिक्षकों से प्राप्त सुझावों और अनुभवों के आधार पर वीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी तथा प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि इसका संचालन बिना किसी बाधा के हो सके।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को ऐप के उपयोग के दौरान तकनीकी परेशानी आती है, तो उसे किसी प्रकार की प्रशासनिक या आर्थिक हानि नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की तरह वीएसके ऐप का उपयोग जारी रखें और यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव हो, तो उसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार प्रत्येक सुझाव पर सकारात्मक विचार करेगी और आवश्यक सुधार लागू करेगी, जिससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बन सके। साथ ही उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली का उद्देश्य शिक्षकों को परेशान करना नहीं, बल्कि व्यवस्था को बेहतर और जवाबदेह बनाना है।