ऑपरेशन आघात में बड़ी सफलता, रायगढ़ में नकली शराब के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़
रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम धनागर में नकली शराब के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। 869 नग नकली शराब, स्प्रिट, खाली बोतलें और पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई। एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है जबकि दो आरोपी फरार हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. रायगढ़ l रायगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नकली शराब के एक बड़े संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में छापेमार कार्रवाई कर भारी मात्रा में नकली शराब, स्प्रिट और शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू द्वारा बड़े पैमाने पर नकली और मिलावटी शराब तैयार कर बाजार में बेची जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति अपनाई। एक पुलिस प्वाइंटर को शराब खरीदने भेजा गया, जिसने आरोपी से गोवा ब्रांड की शराब खरीदी। जांच के दौरान शराब के लेबल, होलोग्राम और गुणवत्ता में संदेहास्पद तथ्य सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दुष्यंत पटेल को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी में उसके घर परिसर स्थित कोठे से रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, रिजर्व क्वार्टर, गोवा, गोल्डन गोवा और किंगफिशर जैसे नामी ब्रांडों की पैकेजिंग में बड़ी मात्रा में नकली शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर यह कारोबार संचालित कर रहा था। आरोपियों द्वारा विभिन्न राज्यों से शराब लाकर उसमें स्प्रिट और अन्य पदार्थ मिलाए जाते थे। शराब का रंग और स्वाद बनाए रखने के लिए रेड लेबल चायपत्ती का उपयोग किया जाता था। इसके बाद पुरानी बोतलों में शराब भरकर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर बाजार में असली शराब के रूप में बेचा जाता था।
संयुक्त टीम ने मौके से 869 नग विभिन्न आकार की नकली शराब, लगभग 240 लीटर अवैध मदिरा, 560 शराब ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, खाली बोतलें और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार 245 रुपये बताई गई है।
आरोपी दुष्यंत पटेल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह कोरोना काल से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। आम जनता के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ करने वाले ऐसे गिरोहों के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।