रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने दलदलसिवनी में नवीन रंगमंच निर्माण का किया भूमिपूजन
रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने नगर निगम जोन 9 के वार्ड 7 के दलदलसिवनी क्षेत्र में ग्राम पंचायत भवन के पास नवीन रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। विधायक निधि से करीब 9 लाख 98 हजार रुपये की लागत से बनने वाले रंगमंच से क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा मिलेगी।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम जोन क्रमांक 9 के कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक 7 के दलदलसिवनी क्षेत्र में नवीन रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने ग्राम पंचायत भवन के पास बनने वाले रंगमंच के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास कार्य की सौगात दी। नवीन रंगमंच का निर्माण रायपुर ग्रामीण विधायक निधि से स्वीकृत करीब 9 लाख 98 हजार रुपये की लागत से कराया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर निगम एमआईसी सदस्य एवं वार्ड पार्षद खेम कुमार सेन, देवदत्त द्विवेदी, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव सहित वार्डवासी, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, नवयुवक और आमजन उपस्थित रहे। विधायक मोतीलाल साहू ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत राशि के अनुसार निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विकास और विस्तार को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
नवीन रंगमंच के निर्माण से दलदलसिवनी क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। स्थानीय स्तर पर विभिन्न आयोजनों के लिए सार्वजनिक स्थान की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। रंगमंच का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा।
वार्ड पार्षद एवं नगर निगम एमआईसी सदस्य खेम कुमार सेन ने नवीन रंगमंच निर्माण के लिए भूमिपूजन और कार्यारंभ कराने पर वार्डवासियों की ओर से विधायक मोतीलाल साहू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नवीन रंगमंच भी क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता थी, जिसके निर्माण से स्थानीय नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय नागरिकों ने नवीन रंगमंच निर्माण की स्वीकृति और कार्यारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी विकास कार्य बताया।