खपरीकला में जनता के बीच पहुंचे सांसद बृजमोहन, योजनाओं का लिया सीधा फीडबैक, 45 लाख के विकास कार्यों की घोषणा
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तिल्दा विकासखंड के ग्राम खपरीकला में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित जनसंपर्क अभियान में ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं का फीडबैक लिया और खपरीकला व मोहदी के विकास कार्यों के लिए 45 लाख रुपये की घोषणा की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तिल्दा (नेवरा) विकासखंड के ग्राम खपरीकला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष जनसंपर्क अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया। कार्यक्रम में मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र की सभी नौ विधानसभाओं में एक-एक गांव पहुंचकर मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खपरीकला इस अभियान का नौवां गांव है, जहां लोगों से सीधे बातचीत कर योजनाओं का वास्तविक लाभ जानने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद मंच तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने स्वयं माइक लेकर ग्रामीणों के बीच पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन, शौचालय निर्माण, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और अन्य योजनाओं के लाभ के बारे में लोगों से सवाल किए। ग्रामीणों ने योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी दी।
सांसद ने बताया कि खपरीकला में अब तक 120 प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं तथा 387 नए आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। उन्होंने महिलाओं से महतारी वंदन योजना की राशि मिलने की जानकारी ली, जिस पर महिलाओं ने योजना का लाभ मिलने की पुष्टि की। सांसद ने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन की स्थिति जानने के लिए सांसद बच्चों के बीच भी पहुंचे और उनसे सीधे बातचीत की। उन्होंने कहा कि घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने से महिलाओं और बेटियों को राहत मिली है तथा अब वे शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए अधिक समय दे पा रही हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने खपरीकला और मोहदी के विकास के लिए कुल 45 लाख रुपये की घोषणा की। इसमें बड़े तालाब में पिचिंग एवं पचरी निर्माण के लिए सांसद निधि से 25 लाख रुपये, दुर्गा चौक के पास शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा मोहदी गांव के देहानपारा स्थित रंगमंच के पास तीन शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा शामिल है।
सांसद ने कहा कि जनता ने उन्हें कई बार विधायक, मंत्री और अब सांसद बनाकर सेवा का अवसर दिया है, जिसके लिए वे क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और अधिक गति पकड़ेगा तथा लोगों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार होगा।