मोदी सरकार के 12 वर्ष: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नई विकास गाथा
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश में विकास, आत्मनिर्भरता, बुनियादी ढांचे, जनकल्याण और वैश्विक सम्मान के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, पारदर्शी शासन और वैश्विक सम्मान के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचा है और शासन व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही बढ़ी है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंची, जिससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका में कमी आई।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों को केंद्र में रखकर योजनाओं का संचालन किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के घर मिले हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना से गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा उपलब्ध हुई है। उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी पहल ने ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश में सड़क, रेलवे, हवाई और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं और करीब 70 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं पर कार्य जारी है। रायपुर-विशाखापट्टनम और रायपुर-धनबाद आर्थिक गलियारे जैसी परियोजनाएं राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति देंगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को आवास का लाभ मिला है। जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के कई रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे का विस्तार, गरीब कल्याण और जनभागीदारी आधारित शासन मॉडल ने देश को नई दिशा दी है। उनके अनुसार आने वाले वर्षों में भी विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार इसी संकल्प और गति के साथ कार्य करती रहेगी।