बालोद पुलिस ने अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

बालोद पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में साइबर सेल और थाना बालोद पुलिस की अहम भूमिका रही।

Aug 2, 2026 - 15:31
 0  29
बालोद पुलिस ने अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 22 और 23 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात नया पारा, बालोद निवासी एक व्यक्ति के किराए के मकान के बाहर खड़ी यामाहा एमटी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 23 J 8556) चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने पर थाना बालोद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन तथा सीएसपी विकास पाटले के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना बालोद की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बालोद, अर्जुन्दा, गुण्डरदेही, अंडा, पुलगांव और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी और उनके आने-जाने के मार्गों का पता लगाया।

जांच में सामने आया कि आरोपी मुख्य मार्गों का उपयोग करने के बजाय गांवों के कच्चे रास्तों से होकर गुजर रहे थे, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके। हालांकि, लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रशांत साहू (23 वर्ष), निवासी गंजपारा, दुर्ग ने बताया कि वह अपने परिचित विधि से संघर्षरत बालक के साथ आमटी गांव गया था। रात में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी की योजना बनाई और बालोद के नया पारा क्षेत्र से यामाहा एमटी बाइक चोरी कर दूसरी बाइक से टोचन कर ले गए। बाद में चोरी की बाइक को बेचने की नीयत से ग्राम आमटी के पास नदी किनारे स्थित एक नर्सरी में छिपाकर रखा गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने दुर्ग और भिलाई क्षेत्र से एक पल्सर और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, नर्मदा कोठारी, मोहन कोकिला, रवि साहू, नागेश साहू तथा साइबर सेल प्रभारी धरम भूआर्य सहित साइबर सेल और थाना बालोद की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।