खेलों के विकास के लिए सरकार के फैसलों का भाजपा ने किया स्वागत, अमित साहू बोले- युवाओं को मिलेगी नई उड़ान

भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार द्वारा खेलों के विकास के लिए किए गए प्रावधानों और घोषणाओं का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’, खेल अधोसंरचना और नई योजनाओं से प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलेंगे।

Aug 6, 2026 - 11:53
 0  2
खेलों के विकास के लिए सरकार के फैसलों का भाजपा ने किया स्वागत, अमित साहू बोले- युवाओं को मिलेगी नई उड़ान

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री अमित साहू ने प्रदेश सरकार द्वारा खेलों के विकास और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लिए गए निर्णयों का स्वागत किया है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव द्वारा की गई घोषणाओं को राज्य के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

अमित साहू ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ के लिए 100 करोड़ रुपये तथा ‘छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना’ के लिए 57 करोड़ रुपये का प्रावधान राज्य सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनके अनुसार इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि जशपुर जिले में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही आर्चरी (तीरंदाजी) अकादमी प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इसके अलावा नवा रायपुर अटल नगर में दो चरणों में विकसित किए जा रहे मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पहले चरण में लगभग 114.05 करोड़ रुपये तथा दूसरे चरण में 94.69 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना का निर्माण किया जा रहा है।

अमित साहू ने कहा कि बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन के बाद अब सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उनका कहना है कि इससे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य की खेल अकादमियों में प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से 14 प्रशिक्षकों को पटियाला भेजा गया है। साथ ही छह नए जिलों में खेल अधिकारियों के पद सृजित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 44 प्रशिक्षकों और चार जिला खेल अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है। उनके अनुसार इन कदमों से खिलाड़ियों को बेहतर मार्गदर्शन मिलने के साथ-साथ खेल क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

अमित साहू ने कहा कि राज्य गठन के समय खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट मात्र 4 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 304 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने इसे खेल क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी के बाद अब प्रदेश में हॉकी लीग के आयोजन की तैयारी भी छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में सहायक होगी।

प्रेस विज्ञप्ति में अमित साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के इन निर्णयों से प्रदेश के खिलाड़ियों और युवाओं को नई ऊर्जा, बेहतर संसाधन और आगे बढ़ने के व्यापक अवसर मिलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।