बसना में भाजपा की डिजिटल प्लेटफॉर्म कार्यशाला संपन्न, तकनीक के जरिए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

बसना में भाजपा की डिजिटल प्लेटफॉर्म कार्यशाला एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संगठन को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने, डिजिटल माध्यमों से जनसंपर्क बढ़ाने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल ने डिजिटल साक्षरता और बूथ स्तर तक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।

Jul 1, 2026 - 12:22
 0  2
बसना में भाजपा की डिजिटल प्लेटफॉर्म कार्यशाला संपन्न, तकनीक के जरिए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को तकनीकी रूप से अधिक सशक्त और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से बसना के मंगल भवन में डिजिटल प्लेटफॉर्म कार्यशाला एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यशाला में डिजिटल तकनीक, सोशल मीडिया और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से संगठन की गतिविधियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में बसना मंडल प्रभारी संजय शर्मा, सह-प्रभारी मंत्री प्रधान, डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रभारी विपिन उपेजजा, अनिल अग्रवाल, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल, विधानसभा संयोजक डॉ. एन.के. अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल तथा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

मीडिया से चर्चा के दौरान सुमित अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संगठन की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाई जा सकती है। उनका कहना था कि डिजिटल माध्यमों ने शासन और जनता के बीच संवाद को अधिक प्रभावी बनाया है तथा बिचौलियों की भूमिका को कम करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सुमित अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता डिजिटल रूप से सशक्त होकर संगठन की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को समाज तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए गलत सूचनाओं और भ्रामक प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब देने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कार्यशाला में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों, बीएलए-2, बूथ सचिवों, महिला प्रमुखों, मन की बात प्रमुखों और व्हाट्सएप प्रमुखों ने भाग लिया। इसके अलावा महिला, किसान, पिछड़ा वर्ग, युवा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रतिनिधियों के साथ जनपद एवं जिला पंचायत तथा नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रतिभागियों को सोशल मीडिया संचालन, डिजिटल संचार, ऑनलाइन प्रचार-प्रसार और तकनीकी उपकरणों के बेहतर उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यशाला के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने तथा तकनीक के माध्यम से संगठन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का संकल्प लिया।

आयोजकों के अनुसार इस प्रकार की कार्यशालाओं का उद्देश्य संगठन को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं की क्षमता बढ़ाना और जनसंपर्क को अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।