वर्षा ऋतु से पहले अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत की तैयारी, शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए टंकियों की सफाई और पाइपलाइन मरम्मत होगी

अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत ने वर्षा ऋतु में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। नगर की सभी पानी टंकियों और संपवेल की सफाई, लीकेज पाइपलाइन की मरम्मत, वाल्व बदलने तथा पंप हाउसों के सुधार कार्य का निर्णय लिया गया है। उद्देश्य वर्षा के दौरान जलजनित बीमारियों की रोकथाम और नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।

Jul 1, 2026 - 12:16
 0  2
वर्षा ऋतु से पहले अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत की तैयारी, शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए टंकियों की सफाई और पाइपलाइन मरम्मत होगी

UNITED NEWS OF ASIA. जावेद खान, मानपुर l वर्षा ऋतु के दौरान नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर पंचायत ने जलजनित बीमारियों की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए पानी की टंकियों की सफाई, लीकेज पाइपलाइन की मरम्मत, पुराने वाल्व बदलने और पंप हाउसों के सुधार कार्य जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने नगर पंचायत कार्यालय में जल विभाग और लोक निर्माण शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर वर्षा ऋतु के दौरान पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नगर के सभी वार्डों में लीकेज पाइपलाइन की पहचान कर तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान गड्ढों का गंदा पानी पाइपलाइन में प्रवेश न कर सके और नागरिकों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर की सभी जलागार टंकियों और संपवेल की जुलाई माह में ही तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में सफाई कराई जाएगी। नगर में बस स्टैंड स्थित दो, हड्डी गोदाम स्थित एक तथा मेरेगांव और कान्हेनगर स्थित एक-एक पानी की टंकी की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी। नगर पंचायत ने सफाई कार्य से पहले नागरिकों को मुनादी के माध्यम से सूचना देने तथा प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

नगर पंचायत ने यह भी बताया कि नगर में संचालित लगभग साढ़े सात लाख लीटर क्षमता वाली पांच पानी टंकियों के वाल्व वर्षों से नहीं बदले गए थे। लगातार खराब हो रहे वाल्वों के कारण बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा था। इस समस्या को देखते हुए हड्डी गोदाम, बस स्टैंड और कान्हेनगर स्थित टंकियों के पुराने वाल्व बदल दिए गए हैं तथा आवश्यक मरम्मत कार्य भी कराया गया है। इससे जल संरक्षण के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी।

बैठक में पंप ऑपरेटरों ने नगर के विभिन्न पंप हाउसों की जर्जर स्थिति की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। कर्मचारियों ने बताया कि कई पंप हाउसों में विद्युत व्यवस्था खराब है, जबकि कुछ भवनों की स्थिति भी काफी खराब हो चुकी है। बारिश के दौरान इन पंप हाउसों में जहरीले जीव-जंतु और सांपों के प्रवेश से कर्मचारियों को खतरा बना रहता है।

इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अनिल मानिकपुरी ने लोक निर्माण शाखा को सभी पंप हाउसों की आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य जुलाई माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में किसी भी नागरिक को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

नगर पंचायत का कहना है कि इन तैयारियों से वर्षा ऋतु के दौरान स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी और जलजनित बीमारियों की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। प्रशासन ने नागरिकों से भी पेयजल व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल नगर पंचायत को देने की अपील की है।