वीरांगना रानी अवन्ति बाई लोधी की 195वीं जयंती पर रायपुर में श्रद्धापूर्वक किया गया नमन
रायपुर में वीरांगना रानी अवन्ति बाई लोधी की 195वीं जयंती पर जिला अस्पताल पंडरी परिसर स्थित प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, पूर्व पार्षद डॉ प्रमोद साहू सहित लोधी समाज के पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं और नागरिकों ने वीरांगना को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके अदम्य साहस, शौर्य और 1857 की क्रांति में योगदान को याद किया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l वीरांगना रानी अवन्ति बाई लोधी की 195वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। रायपुर नगर निगम संस्कृति विभाग के तत्वावधान में नगर निगम जोन क्रमांक 3 के सहयोग से जिला अस्पताल पंडरी के प्रांगण में स्थित वीरांगना रानी अवन्ति बाई लोधी की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया गया।
कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम के सभापति सूर्यकान्त राठौड़, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, पूर्व पार्षद डॉ प्रमोद साहू, मोहन उपारकर सहित लोधी समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, नवयुवक, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभी ने वीरांगना की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया।
नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि वीरांगना अवन्ति बाई लोधी का जीवन समाज और देश के लिए प्रेरणादायक है। पति के निधन के बाद उन्होंने परिवार के लालन-पालन के साथ रामगढ़ क्षेत्र की रानी के रूप में राजपाठ की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई। उन्होंने कहा कि वीरांगना अवन्ति बाई ने 1857 की क्रांति के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए अंग्रेजी सेना का वीरतापूर्वक मुकाबला किया और कई अवसरों पर अंग्रेजी सेना को रामगढ़ से पीछे हटने पर मजबूर किया।
राठौड़ ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वीरांगना अवन्ति बाई ने साहस नहीं छोड़ा। अंग्रेजी सेना से घिर जाने के बाद भी उन्होंने अंतिम समय तक रणभूमि में संघर्ष किया और देश की स्वतंत्रता तथा स्वाभिमान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, आत्मसम्मान और संघर्ष की प्रेरणा देता है।
संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी और पूर्व पार्षद डॉ प्रमोद साहू ने भी वीरांगना रानी अवन्ति बाई लोधी की 195वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि उनका अद्भुत रणकौशल, अदम्य साहस और शौर्य भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वीरांगना रानी अवन्ति बाई लोधी के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और देशभक्ति की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया।