अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर रायपुर में जनप्रतिनिधियों ने किया श्रद्धापूर्वक नमन

रायपुर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, निगम पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने अटलजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके राजनीतिक जीवन, राष्ट्रहित में योगदान और छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में उनकी भूमिका को याद किया।

Aug 17, 2026 - 15:01
 0  3
अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर रायपुर में जनप्रतिनिधियों ने किया श्रद्धापूर्वक नमन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थानों पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। रायपुर नगर पालिक निगम संस्कृति विभाग के तत्वावधान में नगर निगम जोन क्रमांक 10 के सहयोग से फुण्डहर चौक स्थित अटल परिसर में अटल एक्सप्रेस वे के किनारे स्थापित उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, निगम पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने अटलजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकान्त राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, एमआईसी सदस्य महेन्द्र खोडियार और खेम कुमार सेन, जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी, पार्षद मोहन साहू, एल्डरमैन विक्रम सिंह ठाकुर और राजू राघवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। नगर निगम के अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा, कार्यपालन अभियंता गजाराम कँवर सहित अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण हुआ, जिससे भारत की सामरिक क्षमता को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि अटलजी के प्रयासों से छत्तीसगढ़ राज्य के गठन का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने अटलजी के राजनीतिक जीवन में नैतिक मूल्यों और मर्यादाओं के पालन को भी याद किया।

महापौर मीनल चौबे ने अटल बिहारी वाजपेयी को राजनीति के क्षेत्र में सभी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि अटलजी जैसी राजनीतिक शुचिता भारतीय राजनीति में विशिष्ट उदाहरण है। सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटलजी के महत्वपूर्ण योगदानों में शामिल है और छत्तीसगढ़वासियों के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन विनोद पाण्डेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिन बी. मेघानी ने किया।

इसी क्रम में नगर निगम जोन 3 क्षेत्र के अंतर्गत अवन्ति विहार कॉलोनी के एटीएम चौक स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के समक्ष भी संक्षिप्त पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष साहू, एल्डरमैन राजू राघवानी, पूर्व पार्षद सीमा साहू, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज राठी सहित गणमान्यजन और आम नागरिक उपस्थित रहे। जोन 3 कमिश्नर प्रीति सिंह और कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे सहित निगम अधिकारियों ने भी अटलजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र, लोकतंत्र और सार्वजनिक जीवन में दिए योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।