छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड देगा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’, 10 श्रेणियों में मिलेगा सम्मान
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान किए जाएंगे। होटल, टूर ऑपरेटर, जिला पर्यटन, स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म सहित 10 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है।
UNITED NEWS OF ASIA.रायपुर l छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने और पर्यटन से जुड़े उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करने जा रहा है। इस पुरस्कार योजना के तहत पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष पुरस्कार के लिए कुल 10 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता, सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, सर्वश्रेष्ठ पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड शामिल हैं।
प्रत्येक श्रेणी में एक विजेता का चयन किया जाएगा। विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
पुरस्कार योजना में पर्यटन को केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि आतिथ्य, पर्यटन संचालन, उद्यमिता, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और साहसिक पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है। इससे पर्यटन क्षेत्र में बेहतर सेवाओं, नवाचार और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी के तहत छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा। वहीं इको टूरिज्म श्रेणी में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाएगा।
इसी तरह होमस्टे के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों और ग्रामीण समुदायों को पर्यटन से जोड़ने तथा रोजगार एवं आय के अवसर पैदा करने वाले प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। एडवेंचर टूरिज्म श्रेणी में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण साहसिक अनुभव, नए एडवेंचर प्रोडक्ट और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के विकास को मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया है।
इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक अपनी प्रविष्टियां 15 सितंबर 2026 तक it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इस पहल के माध्यम से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार, सतत पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा है।