नशामुक्ति की राह पर आगे बढ़ा ग्राम बनबगौद, महिलाओं ने संभाली कमान
धमतरी जिले के आदिवासी बाहुल्य ग्राम बनबगौद में करीब 30 स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने नशे के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया है। महिलाएं सुबह-शाम गांव में सामूहिक गश्त लगाकर ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने और गांव को नशामुक्त बनाने का महिलाओं ने संकल्प लिया है। ग्राम विकास समिति ने भी इस अभियान को समर्थन देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। 25 अगस्त को आयोजित विशेष कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा महिलाओं को अभियान के लिए टोपी और बिगुल प्रदान करेंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले में नशामुक्ति को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता प्रयासों को अब ग्राम स्तर पर भी व्यापक जनसहयोग मिल रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से दूर आदिवासी बाहुल्य ग्राम बनबगौद, कुकरेल की महिलाओं ने नशे के खिलाफ अनुकरणीय पहल शुरू की है। गांव के करीब 30 स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं एकजुट होकर गांव को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान चला रही हैं।
नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को करीब से देखने वाली इन महिलाओं ने अब इसे केवल सामाजिक समस्या मानकर चुप रहने के बजाय स्वयं इसके खिलाफ मोर्चा संभाल लिया है। गांव के कई युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने से दुर्घटनाओं में असमय मौत, परिवारों की आर्थिक स्थिति पर विपरीत असर और नवविवाहित परिवारों के उजड़ने जैसी घटनाओं ने महिलाओं को इस दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
महिलाएं रोजाना सुबह और शाम गांव में सामूहिक रूप से गश्त लगाती हैं। इस दौरान वे नशे के दुष्परिणामों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए नारे लगाती हैं और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करती हैं। महिलाएं ग्रामीणों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दे रही हैं।
महिलाओं का यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से गांव में सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया जा रहा है। अभियान शुरू करने से पहले महिलाओं ने ग्राम विकास समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और अपनी पहल की जानकारी साझा करते हुए सहयोग एवं सहमति का आग्रह किया।
ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष और सचिव ने महिलाओं की पहल का समर्थन किया तथा अभियान को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। समिति के समर्थन से गांव में नशामुक्ति के लिए चलाए जा रहे सामूहिक प्रयासों को और मजबूती मिली है।
महिलाओं के उत्साह और सामाजिक सरोकार को प्रोत्साहित करने के लिए मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को ग्राम बनबगौद में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा महिलाओं को नशामुक्ति अभियान के लिए उपयोगी टोपी और बिगुल प्रदान करेंगे। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नगरी, उप संचालक समाज कल्याण सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
ग्राम बनबगौद की महिलाओं की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश दे रही है। महिलाओं ने साबित किया है कि जब मातृशक्ति किसी सकारात्मक बदलाव का संकल्प लेती है, तो वह प्रयास धीरे-धीरे जनअभियान का रूप ले सकता है। नशामुक्त गांव की दिशा में महिलाओं का यह प्रयास युवाओं के सुरक्षित भविष्य, स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की नींव मजबूत करने वाली मिसाल बन रहा है।