श्यामगिरी में शहीद भीमा मंडावी को केदार कश्यप ने दी श्रद्धांजलि, शहीदों की स्मृति में किया पौधरोपण
बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी पहुंचकर 2019 के नक्सली हमले में शहीद तत्कालीन विधायक भीमा मंडावी सहित अन्य वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। दोनों नेताओं ने शहादत स्थल पर मौन रखकर शहीदों को नमन किया और परिजनों से मुलाकात की। ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत 13 शहीदों की स्मृति में पौधरोपण भी किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी पहुंचकर वर्ष 2019 के नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन विधायक भीमा मंडावी सहित अन्य वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। दोनों नेताओं ने शहादत स्थल पर मौन रखकर वीरों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, घटना के चश्मदीदों और भीमा मंडावी के सहयोगियों ने उस समय की घटना और परिस्थितियों से जुड़े अनुभव साझा किए।
केदार कश्यप ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी से मुलाकात के दौरान भावुक माहौल रहा। मंत्री ने कहा कि बस्तर की माटी वीरों के त्याग और बलिदान की साक्षी रही है। जिन लोगों ने शांति और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, उनकी स्मृतियां हमेशा समाज और आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहेंगी।
केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर अब भय और हिंसा के दौर को पीछे छोड़कर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज बस्तर में पूरे गौरव और सम्मान के साथ तिरंगा लहरा रहा है। यह बदलाव वीर जवानों, जनप्रतिनिधियों और बस्तर की जनता के लंबे संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से उन सभी शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जा रही है, जिन्होंने राष्ट्र और बस्तर के बेहतर भविष्य के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल हिंसा ने बस्तर के अनेक परिवारों को गहरी पीड़ा दी है। किसी ने मित्र, किसी ने भाई, पिता या अन्य स्वजन को खोया। उन्होंने कहा कि आज बस्तर की जनता जीत गई है और नक्सलवाद हार गया है। अब बस्तर के प्रत्येक हिस्से में बिना भय के तिरंगा लहरा रहा है और संविधान का शासन मजबूत हो रहा है।
शहीदों की स्मृति में पौधरोपण
शहीदों की स्मृति को स्थायी रूप से संजोने के उद्देश्य से केदार कश्यप और विजय शर्मा ने अरनपुर और श्यामगिरी की घटनाओं में शहीद हुए 13 वीरों की स्मृति में ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर शहादत स्थल की पवित्र मिट्टी भी संग्रहित की गई।
केदार कश्यप ने कहा कि शहीदों की स्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को उनके साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम की याद दिलाता रहेगा। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ शहीदों की स्मृतियों को भी जीवंत रखने का संदेश दिया गया।
ग्रामीणों की मांग पर विजय शर्मा ने नकुलनार-बचेली मार्ग का नामकरण शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की अनुशंसा करने की बात कही। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया।
कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने बिहान समूह की महिलाओं से भी संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को लघु वनोपज प्रसंस्करण से जुड़कर आजीविका के नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम विजेता अरनपुर के मांदरी दल के सदस्यों से मुलाकात कर उनके अनुभव भी जाने।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, आईजी बस्तर बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।