श्यामगिरी में शहीद भीमा मंडावी को विजय शर्मा और केदार कश्यप ने दी श्रद्धांजलि, बोले- बस्तर की जनता जीती, नक्सलवाद हारा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा के श्यामगिरी पहुंचकर 2019 की नक्सली घटना में शहीद हुए पूर्व विधायक भीमा मंडावी सहित अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि दी। दोनों नेताओं ने शहीद परिवारों से मुलाकात की और अरनपुर-श्यामगिरी की घटनाओं में शहीद हुए 13 लोगों की स्मृति में ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर की जनता जीत गई है और नक्सलवाद हार गया है।

Aug 13, 2026 - 17:26
 0  3
श्यामगिरी में शहीद भीमा मंडावी को विजय शर्मा और केदार कश्यप ने दी श्रद्धांजलि, बोले- बस्तर की जनता जीती, नक्सलवाद हारा

UNITED NEWS OF ASIA. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी पहुंचकर वर्ष 2019 की नक्सली घटना में शहीद हुए पूर्व विधायक भीमा मंडावी सहित अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि दी। दोनों नेताओं ने घटनास्थल पर पहुंचकर शहीदों को नमन किया और मौन रखकर उनके बलिदान को याद किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, घटना के चश्मदीदों और भीमा मंडावी के सहयोगियों ने उस समय की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अनुभव साझा किए।

उप मुख्यमंत्री और वन मंत्री ने शहीद परिवारों से भी आत्मीय मुलाकात की और उन्हें शासन की ओर से मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी से मुलाकात के दौरान माहौल भावुक हो गया। शहीदों की स्मृति में दोनों नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल हिंसा के कारण बस्तर के अनेक परिवारों ने अपनों को खोया है। किसी ने मित्र, किसी ने भाई, पिता, रिश्तेदार या अन्य स्वजन को खोया। उन्होंने कहा कि बस्तर में तिरंगा फहराने के लिए लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा और अनेक लोगों ने इसके लिए अपना बलिदान दिया। आज बस्तर में लोग गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा फहरा पा रहे हैं।

विजय शर्मा ने कहा कि पहले तिरंगा फहराने को लेकर लोगों में भय का वातावरण था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि संविधान का शासन बस्तर के हर कोने में मजबूत होगा और लोगों को बिना किसी डर के राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार और वातावरण मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने और पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो लोग तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, वे सोशल मीडिया के माध्यम से भी तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश साझा करें। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता जीत गई है और नक्सलवाद हार गया है।

ग्रामीणों की मांग पर विजय शर्मा ने नकुलनार से बचेली मार्ग का नामकरण शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की अनुशंसा करने की बात कही। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया।

शहीदों की स्मृति में पौधरोपण

अरनपुर और श्यामगिरी की घटनाओं में शहीद हुए 13 लोगों की स्मृति में ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। इस दौरान घटनास्थल की मिट्टी भी संग्रहित की गई। पौधरोपण के माध्यम से शहीदों की स्मृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

बिहान समूह की महिलाओं से संवाद

उप मुख्यमंत्री ने बिहान समूह की महिलाओं से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को लघु वनोपज प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेकर आजीविका के नए अवसरों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने छत्तीसकला ब्रांड के अंतर्गत बिहान समूह के उत्पादों को शासन की ओर से मिल रही सहायता का लाभ लेने की बात कही।

बस्तर पंडुम विजेताओं से मुलाकात

विजय शर्मा और केदार कश्यप ने राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम विजेता अरनपुर के मांदरी दल के सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं से उनके अनुभवों के बारे में बातचीत की। इस दौरान बस्तर की संस्कृति और परंपराओं को लेकर आत्मीय संवाद हुआ। महिलाओं ने राष्ट्रपति के बस्तर आने और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने की इच्छा भी व्यक्त की।

इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, आईजी बस्तर बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर, एसपी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।