सुदूर वनांचल पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सुशासन तिहार शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान जल प्रदाय योजना, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य और आवास योजनाओं को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की गईं।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल एवं बैगा बाहुल्य क्षेत्र तरेगांव जंगल में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री Vijay Sharma शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद का मजबूत माध्यम बन रहा है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 100 करोड़ रुपये की लागत से कुसुमघटा-बैजलपुर-राजानवांगांव समूह जल प्रदाय योजना संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से 66 गांवों तक पेयजल सुविधा पहुंचाई जाएगी। इस योजना से वनांचल क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और लंबे समय से चली आ रही जल समस्या से राहत मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai द्वारा क्षीरपानी मध्यम परियोजना के नहर विस्तार के लिए 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना से 19 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे खेती-किसानी को मजबूती मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
आवास योजनाओं पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब परिवारों के पक्के मकान के सपने को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। तरेगांव जंगल क्लस्टर के 26 गांवों में 5000 से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से आवास की प्रतीक्षा कर रहे पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के साथ लाभ दिया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने पीएम जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि वनांचल क्षेत्रों में पहली बार बारहमासी सड़क सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तरेगांव जंगल क्षेत्र में 35.80 करोड़ रुपये की लागत से 14 सड़कों की स्वीकृति दी गई है, जबकि फेस-04 अंतर्गत 11.53 करोड़ रुपये की लागत से 5 नई सड़कें बनाई जाएंगी। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार गंभीर है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किया गया है, जिसके लिए 2.5 करोड़ रुपये की लागत से भवन स्वीकृत किया गया है। इससे ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को अब तक 27-27 हजार रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है। साथ ही हर पंचायत में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र खोलने का काम किया जा रहा है, ताकि महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने महिला स्व सहायता समूहों से स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ाने और “डीलर दीदी मॉडल” को वनांचल क्षेत्रों में भी अपनाने की अपील की।