टीम प्रहरी की कार्रवाई: एम्स अस्पताल के सामने से हटाए ठेले, जीई रोड टाटीबंध अतिक्रमण मुक्त
रायपुर में टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम जोन 8, रायपुर पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने एम्स अस्पताल के सामने जीई रोड टाटीबंध क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सड़क पर लगे ठेलों को हटाया। कार्रवाई के दौरान संबंधित ठेला संचालकों को दोबारा मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई। मौके पर करीब 8 हजार रुपये का ई-जुर्माना भी लगाया गया। कार्रवाई के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुगम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l शहर में सड़क यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से टीम प्रहरी अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 8 क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने जीई रोड टाटीबंध मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगे ठेलों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम के मार्गदर्शन में शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता दल, जोन क्रमांक 8 के नगर निवेश विभाग की टीम तथा रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने एम्स अस्पताल के सामने जीई रोड टाटीबंध क्षेत्र में सड़क मार्ग पर लगाए गए ठेलों को हटाया।
अधिकारियों ने संबंधित ठेला संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्य सड़क मार्ग पर दोबारा ठेले लगाकर यातायात व्यवस्था बाधित न करें। सड़क पर अतिक्रमण करने वाले ठेला संचालकों को मौके पर ही चेतावनी दी गई। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित कब्जाधारी ठेला संचालकों पर करीब 8 हजार रुपये का ई-जुर्माना भी लगाया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाना और राहगीरों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है। जीई रोड टाटीबंध शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है और एम्स अस्पताल के सामने लोगों तथा वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से लगाए गए ठेलों के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।
ठेलों को हटाए जाने के बाद मुख्य मार्ग पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हुई। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को जाम की समस्या से तत्काल राहत मिली। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित दिखाई दी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क मार्गों पर अवैध कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। टीम प्रहरी अभियान के माध्यम से प्रशासन का प्रयास शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।