UNITED NEWS OF ASIA. पश्चिम बंगाल में लियोनेल मेसी के कोलकाता कार्यक्रम से जुड़े टिकट धारकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि वर्ष 2025 में युवा भारती स्टेडियम में आयोजित मेसी के कार्यक्रम के टिकट खरीदने वाले करीब 33 हजार फैंस को उनके टिकट की राशि वापस की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था के बाद दर्शकों की ओर से लंबे समय से टिकट के पैसे लौटाने की मांग की जा रही थी।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने इस मामले का जिक्र करते हुए कहा कि रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम के लिए टिकट खरीदने वाले सभी पात्र दर्शकों को जल्द ही उनकी राशि वापस कर दी जाएगी।
दरअसल, 13 दिसंबर 2025 को अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी कोलकाता पहुंचे थे। उन्हें देखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे। रिपोर्ट के मुताबिक कई दर्शकों ने मेसी को देखने के लिए 4 हजार से 6 हजार रुपये तक की टिकट खरीदी थी। हालांकि कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था की स्थिति बनने के बाद दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली थी। इसके बाद टिकट के पैसे वापस करने की मांग उठी थी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले को लेकर पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खेलों और खिलाड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कई खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें नियुक्ति पत्र भी दिए गए।
खेल क्षेत्र के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में खेल सुविधाओं के विस्तार की योजना भी सामने रखी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खेल क्षेत्र के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट रखा है। यह राशि पूरे वर्ष के लिए नहीं बल्कि आगामी आठ महीनों के लिए निर्धारित की गई है।
उन्होंने राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में छोटे इनडोर स्टेडियम विकसित करने की योजना की भी जानकारी दी। हालांकि एक वर्ष में सभी 294 स्टेडियम बनाना चुनौतीपूर्ण होगा, इसलिए हर साल करीब 100 इनडोर स्टेडियम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार का कहना है कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए आधारभूत ढांचे का विस्तार जरूरी है। मेसी के कार्यक्रम के टिकट रिफंड के ऐलान के साथ खेल सुविधाओं के विस्तार की योजनाओं को लेकर भी राज्य की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है।