सरगुजा में नई रेल क्रांति: 602 करोड़ की परियोजना से एमसीबी को मिलेगी आधुनिक रेल कनेक्टिविटी
सरगुजा के एमसीबी जिले में 602 करोड़ रुपये की नई रेल परियोजना को लेकर विकास की नई उम्मीद जगी है। 17.5 किलोमीटर नई ब्रॉडगेज लाइन, आधुनिक स्टेशन और बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र के औद्योगिक, पर्यटन और आर्थिक विकास को गति मिलने की संभावना है।
UNITED NEWS OF ASIA. हेमन्त कुमार, चिरमिरी l सरगुजा अंचल लंबे समय से बेहतर रेल संपर्क की मांग करता रहा है। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए यहां वर्षों तक जनआंदोलन हुए। अब मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में 602 करोड़ रुपये की नई रेल परियोजना से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) द्वारा जारी ई-टेंडर के तहत एमसीबी जिले में आधुनिक रेल अधोसंरचना विकसित की जाएगी। परियोजना को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल पर दो वर्ष (730 दिन) में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत लगभग 17.5 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज सिंगल रेल लाइन पाराडोल टेकऑफ प्वाइंट से नागपुर रोड स्टेशन तक बिछाई जाएगी।
परियोजना में बोरीडांड-चिरमिरी रेलखंड पर स्लूइंग कार्य कर नई लाइन को मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा बड़े रेल पुल, वायाडक्ट, रोड ओवर ब्रिज (ROB), रोड अंडर ब्रिज (RUB), ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क, आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली, पूर्ण विद्युतीकरण तथा पाराडोल और नए चिरमिरी स्टेशन का विकास भी शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्री एवं चिरमिरी विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नई रेल लाइन बनने से एमसीबी जिले की देश के अन्य हिस्सों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, कोयला परिवहन आसान होगा और आम नागरिकों को बेहतर एवं सुगम यात्रा सुविधा प्राप्त होगी।
सरगुजा के रेल विकास की चर्चा में स्वर्गीय लरंग साय का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और अंबिकापुर को रेल मानचित्र पर स्थापित कराने में अहम भूमिका निभाई। अब नई रेल परियोजना को लेकर क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें जागी हैं।
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि सरगुजा के रेल विकास की यात्रा अभी पूरी नहीं हुई है। क्षेत्र के लोगों को अंबिकापुर-बरवाड़ीह रेल लाइन के विस्तार, लंबी दूरी की नई एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत और औद्योगिक व पर्यटन आधारित रेल कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का भी इंतजार है।
602 करोड़ रुपये की यह परियोजना एमसीबी जिले के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यदि निर्धारित समय-सीमा में इसका निर्माण पूरा होता है, तो इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ उद्योग, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलने की संभावना है। रेलवे अधोसंरचना के विस्तार से सरगुजा अंचल के समग्र विकास को भी मजबूती मिलेगी।