सूरजपुर में पिस्टल से हवाई फायर और ट्रक चालक से मारपीट का आरोप, मोबाइल लूट मामले में दो गिरफ्तार
सूरजपुर जिले की चौकी खड़गवां पुलिस ने ट्रक चालक को कथित तौर पर पिस्टल दिखाकर हवाई फायर करने, मारपीट करने और मोबाइल लूटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, सूरजपुर l सूरजपुर जिले की चौकी खड़गवां पुलिस ने ट्रक चालक को कथित तौर पर पिस्टल दिखाकर हवाई फायर करने, मारपीट करने और मोबाइल लूटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार, मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस और पिस्टल का लाइसेंस सहित अन्य सामान जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम तेलईमुड़ा, थाना रामानुजनगर निवासी शिवप्रसाद विश्वकर्मा ने 18 सितंबर 2026 को चौकी खड़गवां में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार शिवप्रसाद विश्वकर्मा हाईवा वाहन में बरियों से गिट्टी लेकर भटगांव जा रहा था। शाम करीब 6:30 बजे रामेश्वरपुर मोड़ के पास ग्राम खड़गवां कला के जंगल क्षेत्र में एक वेन्यू कार क्रमांक CG 14 MU 7274 ने कथित तौर पर हाईवा को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि कार चालक राजेश अम्बष्ट और उसके साथी श्यामलाल साहू ने ट्रक चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा। शिकायत के मुताबिक ट्रक से नीचे नहीं उतरने पर राजेश अम्बष्ट ने पिस्टल निकालकर हवाई फायर किया और ट्रक ठीक से नहीं चलाने की बात कहते हुए चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों आरोपी कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन लेकर मौके से चले गए।
रिपोर्ट के आधार पर चौकी खड़गवां पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने दबिश देकर राजेश कुमार अम्बष्ट, उम्र 54 वर्ष, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, जशपुर और श्यामलाल साहू, उम्र 56 वर्ष, निवासी नावाटोली महाराजा चौक, जशपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गई। जांच के दौरान पिस्टल राजेश अम्बष्ट के नाम पर लाइसेंसी होना पाया गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फायर किए गए दो कारतूस भी बरामद किए।
पुलिस ने मामले में वेन्यू कार, लाइसेंसी पिस्टल, पिस्टल का लाइसेंस, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किया है। पुलिस के अनुसार लाइसेंसी हथियार के कथित दुरुपयोग के मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 30 भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी में चौकी खड़गवां पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।