भारी बारिश के बीच सुकमा पुलिस पहुंची दुर्गम पोट्टेमंगू, बच्चों को पढ़ाया पहाड़ा और ग्रामीणों से किया संवाद
सुकमा पुलिस ने भारी बारिश और दुर्गम रास्तों की चुनौती के बीच थाना किस्टाराम क्षेत्र के सुदूर गांव पोट्टेमंगू पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। “निवा दुवड़ ते – पुलिस तुम्हारे द्वार” अभियान के तहत पुलिस टीम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से माओवादी विचारधारा से दूर रहकर शांति और विकास में सहयोग करने की अपील की। अभियान के दौरान बच्चों से पढ़ाई, पहाड़ा और गिनती पूछकर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजेंट गिरी, सुकमा l सुकमा जिले के दुर्गम और सुदूर इलाकों में ग्रामीणों तक पुलिस की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “निवा दुवड़ ते – पुलिस तुम्हारे द्वार” अभियान के तहत सुकमा पुलिस की टीम भारी बारिश के बीच थाना किस्टाराम क्षेत्र के सबसे दूरस्थ गांव पोट्टेमंगू पहुंची। मूसलाधार बारिश और कीचड़ से भरे कठिन रास्तों के बावजूद पुलिस टीम ने गांव तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को जाना।
पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह और मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी बातें सुनीं और क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी जरूरतों और परेशानियों को पुलिस अधिकारियों के सामने रखा। पुलिस की ओर से ग्रामीणों की समस्याओं के जल्द निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया गया।