दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में संरक्षा के सजग प्रहरियों का सम्मान, महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने 5 कर्मचारियों को किया सम्मानित
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पांच कर्मचारियों को सम्मानित किया। इन कर्मचारियों ने अपनी सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालकर सुरक्षित ट्रेन संचालन सुनिश्चित किया।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर | रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा जारी है। इसी क्रम में 23 जून 2026 को आयोजित मासिक संरक्षा बैठक के दौरान महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने संरक्षा श्रेणी के पांच कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था कर्मचारियों की सतर्कता, सजगता और जिम्मेदारी पर आधारित है। ऐसे कर्मचारियों का सम्मान पूरे संगठन के लिए प्रेरणास्रोत है।
ट्रैक में फ्रैक्चर पकड़कर हादसा टाला
बिलासपुर मंडल के बाराद्वार में पदस्थ ट्रैक मेंटेनर-1 उमाशंकर रत्नाकर ने 1 मई 2026 को खरसिया-जूनाडीह सेक्शन में ड्यूटी के दौरान एसईजे टंग रेल में फ्रैक्चर देखा। उन्होंने तत्काल सुरक्षा उपाय अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद ट्रैक की मरम्मत कर सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित किया गया।
इसी प्रकार वेंकटनगर सेक्शन के चाबीदार दिनेश कुमार ने 24 मई 2026 को खरसिया-जूनाडीह सेक्शन में एसईजे टंग रेल में फ्रैक्चर की पहचान कर समय रहते सूचना दी, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
वैगन की तकनीकी खराबी का लगाया पता
रायपुर मंडल के भाटापारा के वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर राम नारायण टंडन ने ड्यूटी के दौरान एक मालगाड़ी में ब्रेक ब्लॉक क्षतिग्रस्त होने की स्थिति देखी। जांच के दौरान वैगन में सीबीसी योक टूटने की समस्या सामने आई। उनकी सतर्कता के कारण समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर ट्रेन का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।
पेड़ गिरने से बाधित ट्रैक पर दिखाई सूझबूझ
बिलासपुर मंडल के लोको पायलट (मेल-एक्सप्रेस) राम खेलावन रविदास ने बैकुंठ-सिलियारी सेक्शन में तेज आंधी और बारिश के दौरान अप लाइन पर गिरे पेड़ को देखा। उन्होंने तुरंत नियंत्रण कक्ष को सूचना देकर दूसरी ट्रेन को सुरक्षित रोका और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार राम खेलावन रविदास को पूर्व में भी रेलवे बोर्ड तथा चक्रधरपुर मंडल द्वारा उत्कृष्ट सुरक्षा कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
डिरेलमेंट का समय रहते चला पता
नागपुर मंडल के वरिष्ठ यात्री गाड़ी प्रबंधक मुरली गोस्वामी ने 13 मार्च 2026 को शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस में ड्यूटी के दौरान ट्रेन के पीछे धूल का घना गुबार और असामान्य झटका महसूस किया। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाकर लोको पायलट से संपर्क किया।
जांच में ट्रेन के पिछले एसएलआर कोच के पटरी से उतरने की जानकारी सामने आई। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़े रेल हादसे को टालने में सफलता मिली और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
सम्मान समारोह के दौरान प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, प्रधान मुख्य इंजीनियर सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने सम्मानित कर्मचारियों की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें रेलवे परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बताया।