विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भूकेल में ‘सरस्वती सायकल’ का किया वितरण, शिक्षा के प्रति दिखाई नई प्रतिबद्धता

बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भूकेल स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में ‘सरस्वती सायकल वितरण कार्यक्रम’ में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क सायकलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि यह सायकलें शिक्षा के प्रति समर्पण और भविष्य की गति का प्रतीक हैं।

Nov 10, 2025 - 16:15
 0  13
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भूकेल में ‘सरस्वती सायकल’ का किया वितरण, शिक्षा के प्रति दिखाई नई प्रतिबद्धता

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, बसना। ग्रामीण विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और उनकी विद्यालय तक पहुंच को सरल बनाने की दिशा में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने एक सराहनीय पहल की। सोमवार को ग्राम भूकेल स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय में ‘सरस्वती सायकल वितरण समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विधायक डॉ. अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

 

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद विधायक ने छात्र-छात्राओं को निःशुल्क सायकलें वितरित कीं। नई सायकल पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी।

 

अपने प्रेरक उद्बोधन में डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा — “यह सायकलें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आपके भविष्य की रफ्तार हैं। यह योजना छत्तीसगढ़ सरकार की एक सार्थक पहल है जो ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए शिक्षा तक पहुंच को आसान बनाती है।” उन्होंने कहा कि अब कोई बच्चा दूरी या साधन के अभाव में स्कूल आने से वंचित नहीं रहेगा।

 

विधायक ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करें, यही आपके जीवन की सच्ची पूंजी है। शिक्षा से ही व्यक्ति, परिवार और समाज का उत्थान संभव है। उन्होंने कहा कि यह सायकलें आपको केवल स्कूल तक नहीं ले जाएंगी, बल्कि आपके सपनों के रास्ते को भी तेज गति देंगी।

 

मीडिया से चर्चा के दौरान डॉ. अग्रवाल ने कहा कि “भूकेल में आत्मानंद स्कूल की स्थापना हमारे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी बच्चे को आर्थिक या भौगोलिक कारणों से शिक्षा से वंचित न होना पड़े।”

उन्होंने बताया कि बसना विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य जारी रहेगा।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, सरपंच त्रिलोचन भोई, सरपंच कांता सिदार, भाजपा कार्यकर्ता रीतिराम पटेल, प्राचार्य चक्रधर पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

यह आयोजन शिक्षा के प्रति जागरूकता और ग्रामीण बच्चों में आत्मविश्वास जगाने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम साबित हुआ।