अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को केवल बड़े अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों तक सीमित रखने के बजाय गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले सेवा संकल्प अभियान के पंजीयन काउंटर का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से जांच, उपचार एवं परामर्श की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर स्वास्थ्य शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम, राष्ट्रगान और राजकीय गीत की प्रस्तुति भी हुई।
वृहद स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सा, स्त्री रोग, शिशु रोग, हृदय रोग, अस्थि रोग, नेत्र रोग, त्वचा रोग, कान-नाक-गला, दंत रोग और भौतिक चिकित्सा जैसी विशेषज्ञ सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों की रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर सहित गैर-संचारी रोगों की जांच की गई। महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भवती महिलाओं की जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध रही।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि आगामी 30 सितंबर को खड़गवां को क्षय रोग मुक्त घोषित किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जीवन दीप समितियों की भूमिका की भी सराहना की और खड़गवां, चिरमिरी तथा मनेंद्रगढ़ की जीवन दीप समितियों की आय में हुई बढ़ोतरी को मेहनत का परिणाम बताया।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर मनेंद्रगढ़ में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक लगातार स्वास्थ्य शिविर और जांच अभियान चलाया जाएगा। गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को आवश्यकता के अनुसार बेहतर उपचार के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि 30 सितंबर से चिरमिरी में तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा, जिसका समापन 2 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके अलावा मानसिक चिकित्सालय को आगामी एक-दो माह में शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी में एक माह के भीतर गहन चिकित्सा इकाई की सुविधा शुरू करने की दिशा में भी कार्य चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि चिरमिरी रेलवे स्टेशन से जुड़ी बड़ी रेलवे परियोजना जनवरी या फरवरी तक शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने का संकल्प दिलाया गया। अभियान का लक्ष्य हर गांव तक स्वास्थ्य सेवा, हर घर में स्वास्थ्य जागरूकता और प्रत्येक व्यक्ति को समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराना है।