रायपुर में पारिवारिक विवाद ने ली दो जान, जीजा ने सालीयों पर की फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपनी दो सालीयों पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है।

May 6, 2026 - 19:46
 0  3
रायपुर में पारिवारिक विवाद ने ली दो जान, जीजा ने सालीयों पर की फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी दो सालीयों पर गोली चला दी। इस हमले में दोनों महिलाओं की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेन्द्र कुमार वर्मा (32 वर्ष), निवासी मोवा, ने अपनी पत्नी से चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया। उसकी पत्नी ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी पिछले 20-25 दिनों से अपने मायके पंडरी स्थित सुंदरीपारा में रह रही थी।

घटना 05 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है, जब आरोपी अपनी ससुराल पहुंचा और पत्नी एवं डेढ़ वर्ष की बच्ची से मिलने की बात कहने लगा। इस दौरान उसकी साली गीतांजली वर्मा उर्फ जया और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे सुबह आने की सलाह दी। इसी बात पर आरोपी गुस्से में आ गया।

आरोपी ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और गुस्से में आकर पहले गीतांजली वर्मा पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। शोर सुनकर छत से नीचे आई दूसरी साली दुर्गेश्वरी वर्मा को भी आरोपी ने निशाना बनाते हुए गोली मार दी। दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

थाना पंडरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 119/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103, 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी जब्त कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि पारिवारिक विवाद किस तरह खतरनाक रूप ले सकता है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें और हिंसा का रास्ता न अपनाएं।