रायपुर में पारिवारिक विवाद बना खूनी कांड: मोवा में दो युवतियों की गोली मारकर हत्या

रायपुर के मोवा इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी दो सालियों को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

May 6, 2026 - 14:15
 0  2
रायपुर में पारिवारिक विवाद बना खूनी कांड: मोवा में दो युवतियों की गोली मारकर हत्या

UNITED  NEWS OF ASIA. हसिभ अख्तर, रायपुर l छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोवा-पंडरी इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी ही दो सालियों को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना मोवा क्षेत्र में अपोलो मेडिकल स्टोर के पास की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान जितेंद्र वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात पारिवारिक विवाद के चलते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और घर के भीतर ही मौजूद दोनों युवतियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

गोली लगने से दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पंडरी थाना पुलिस के साथ-साथ डीसीपी भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया है कि उसने लाइसेंसी पिस्टल से ही दोनों युवतियों को गोली मारी। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में विवाद के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल भेज दिया है। वहीं फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है, ताकि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक विवाद किस तरह हिंसक रूप ले सकते हैं। छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता तनाव कई बार ऐसे गंभीर अपराधों का कारण बन जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और इससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। यह घटना राजधानी रायपुर के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।