रायपुर में चाकू मारकर लूट करने वाले आरोपी गिरफ्तार, खमतराई पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में चाकू मारकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी और दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में चाकू मारकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को रायपुर पुलिस की सतर्कता और तत्परता का उदाहरण माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में एक वयस्क युवक और दो विधि के साथ संघर्षरत बालक शामिल हैं।
मामला 21-22 अप्रैल 2026 की रात का है, जब प्रार्थी शेख जहांगीर, जो कि मूल रूप से जगदलपुर के निवासी हैं और वर्तमान में रायपुर के रावांभाठा क्षेत्र में रह रहे थे, अपने ट्रक में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 1 बजे तीन युवक मोटरसाइकिल पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनमें से एक ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी के पैर, घुटने और हाथ की उंगली में चोट आई। इसके बाद आरोपियों ने उनके पास रखे करीब 10,000 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान पुलिस को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की जानकारी मिली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। मुख्य आरोपी अमरदास को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों बालकों को भी पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। साथ ही लूटी गई राशि भी जब्त की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। असामाजिक तत्वों, गुंडा बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग की जा रही है, जिससे इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों का विश्वास बढ़ा है। वहीं पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।