रायपुर में हुक्का सामग्री के अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने खम्हारडीह क्षेत्र के राजीव नगर में हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का अवैध भंडारण पकड़ा। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खम्हारडीह की संयुक्त टीम ने आरोपी अशोक मदनी को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की सामग्री जब्त की।

Feb 1, 2026 - 16:43
 0  6
रायपुर में हुक्का सामग्री के अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक मकान से लाखों रुपये कीमत की हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का अवैध भंडारण पकड़ते हुए आरोपी अशोक मदनी को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के काले कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और लगातार पेट्रोलिंग एवं सूचना संकलन किया जा रहा था। 31 जनवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि खम्हारडीह क्षेत्र के राजीव नगर में एक व्यक्ति अपने मकान में हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का अवैध रूप से भंडारण कर रहा है।

सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर, पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम के निर्देश पर कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

रेड कार्रवाई के दौरान मकान में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम अशोक मदनी निवासी खम्हारडीह बताया। तलाशी लेने पर मकान से हुक्का पॉट, गोगो पेपर, रोलिंग पेपर, हुक्का फ्लेवर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी से सामग्री रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 1 लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित हुक्का सामग्री जब्त की गई।

मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 31/25, धारा 4(क) कोटपा एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है और आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, जिससे नशे के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावी बन सके।