भाठागांव बाजार की दुकानों का जल्द होगा पारदर्शी आवंटन, 69 विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास की तैयारी तेज
रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने भाठागांव बाजार का निरीक्षण कर दुकानों के पारदर्शी एवं नियमानुसार शीघ्र आवंटन के निर्देश दिए। साथ ही क्रिस्टल आर्केड के सामने ऑक्सीजोन विकास के दौरान विस्थापित हुए 69 दुकानदारों के मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत पुनर्वास की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर निगम भाठागांव स्थित नव-निर्मित बाजार परिसर में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की तैयारी में है। इसी क्रम में महापौर मीनल चौबे ने मंगलवार को नगर निगम के जोन क्रमांक 6 अंतर्गत भाठागांव बाजार परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानों का आवंटन पूरी पारदर्शिता, नियमानुसार और व्यवस्थित तरीके से किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी विवाद के लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने बाजार परिसर की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुकानों के आवंटन से पहले परिसर को पूरी तरह व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित सफाई और आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी दुकानों और चबूतरों की क्रमवार नंबरिंग कर आवंटन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए।
महापौर ने कहा कि भाठागांव बाजार को ऐसा विकसित किया जाए, जहां व्यापारी और आम नागरिक दोनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाजार परिसर को शीघ्र पूर्ण रूप से तैयार कर व्यापारिक गतिविधियां प्रारंभ कराने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाए।
निरीक्षण के दौरान वर्षों पहले ऑक्सीजोन विकास परियोजना के कारण क्रिस्टल आर्केड के सामने स्थित खालसा स्कूल क्षेत्र से हटाए गए 69 दुकानदारों के पुनर्वास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। महापौर ने बाजार विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत पूर्व में बनी सहमति के अनुसार इन सभी विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनर्वास की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और पारदर्शी व्यवस्था के अनुरूप संचालित की जाए, ताकि सभी पात्र दुकानदारों को उनका उचित अधिकार मिल सके। महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी भी हितग्राही के साथ अन्याय किए बिना सभी को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि बाजार परिसर में व्यापार प्रारंभ होने से पहले आवश्यक नागरिक सुविधाओं का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। इससे बाजार आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा क्षेत्र में व्यवस्थित व्यापारिक वातावरण विकसित हो सके।
नगर निगम का मानना है कि भाठागांव बाजार का सुव्यवस्थित संचालन स्थानीय व्यापार को नई गति देगा और लंबे समय से पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे दुकानदारों को भी राहत मिलेगी। महापौर ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर आवंटन और पुनर्वास की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बाजार को शीघ्र आम जनता और व्यापारियों के लिए शुरू किया जा सके।