दिल्ली ब्लास्ट के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, डॉग स्क्वाड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

दिल्ली में हुए धमाके के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने मंगलवार सुबह विशेष जांच अभियान चलाकर एयरपोर्ट परिसर को डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते की मदद से स्कैन किया। पूरे शहर में पुलिस को सतर्कता और लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं।

Nov 11, 2025 - 11:03
 0  23
दिल्ली ब्लास्ट के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, डॉग स्क्वाड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार रात हुए भीषण धमाके के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए मंगलवार सुबह रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) ने एयरपोर्ट के हर हिस्से को बारीकी से स्कैन किया।

एयरपोर्ट परिसर के भीतर और बाहर पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। यात्रियों के सामान की गहन जांच की जा रही है और आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी भी ली जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह जांच अभियान सुरक्षा मानकों के तहत एहतियाती कदम के रूप में किया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

सोमवार देर रात दिल्ली में हुए धमाके के बाद रायपुर पुलिस प्रशासन ने भी पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल्स और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. लाल उमेंद सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट पर रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

पुलिस ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड को चौबीसों घंटे तैयार रहने के आदेश जारी किए गए हैं।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें और समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पुलिस की सतर्कता और आपात स्थिति में तत्परता को दर्शाती है। प्रशासन ने कहा है कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर संभव एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं