बरसात के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, पीडब्ल्यूडी सचिव ने किया निरीक्षण
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सड़कों, पुलों और शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और औचक निरीक्षण पर भी जोर दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l बरसात के बाद छत्तीसगढ़ में सड़कों, पुल-पुलियों और शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गरियाबंद जिले का दौरा कर विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्यों में तेजी लाने तथा तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
कोपरा-पोखरा मार्ग और राजिम फोरलेन का निरीक्षण
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने फिंगेश्वर विकासखंड में कोपरा-पोखरा मार्ग के 26.20 किलोमीटर लंबे मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। इस परियोजना में पुल-पुलियों का निर्माण भी शामिल है। उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने राजिम में नवीन मेला स्थल चौबेबांधा से लक्ष्मण झूला तक बनने वाले 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग की प्रगति का निरीक्षण किया। अधिकारियों से परियोजना की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
शासकीय भवनों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
सड़क परियोजनाओं के साथ सचिव ने गरियाबंद में निर्माणाधीन शासकीय भवनों का भी निरीक्षण किया। इनमें व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के लिए बनाए जा रहे दो डी-टाइप आवासगृह, जिला परिवहन कार्यालय भवन और 40 जीएडी आवासगृह शामिल हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दुर्गम क्षेत्रों में पुल और पहुंच मार्गों का जायजा
सचिव बंसल बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में भी पहुंचे। उन्होंने कसाबाय-पतोरा दादर मार्ग पर आरडी 135 में चचंगी नाला पर निर्मित पुल और पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया। यह कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने कसाबाय-सातधार मार्ग पर हलफली नाला में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य की स्थिति भी देखी। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं की जानकारी लेकर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
नियमित मॉनिटरिंग और औचक निरीक्षण पर जोर
मैदानी निरीक्षण के बाद गरियाबंद सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, काम में आ रही बाधाओं और उनके समाधान पर चर्चा हुई। सचिव ने कहा कि बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए विभागीय अमले को सक्रियता से काम करना होगा। उन्होंने गुणवत्ता से समझौता किए बिना सभी कार्य समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और वरिष्ठ अधिकारी औचक निरीक्षण कर जमीनी प्रगति की जांच करेंगे।
इस दौरान सचिव ने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय और परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में स्वच्छता और रखरखाव बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता व्ही. के. भतपहरी सहित मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता उपस्थित रहे।