पीजी कॉलेज कवर्धा में 'नशा मुक्ति विकसित भारत अभियान' के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित

कवर्धा के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 'नशा मुक्ति विकसित भारत अभियान' के तहत ऑनलाइन शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

Aug 4, 2026 - 16:29
 0  17
पीजी कॉलेज कवर्धा में 'नशा मुक्ति विकसित भारत अभियान' के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले के आचार्य पंथ गृंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा में 'नशा मुक्ति विकसित भारत अभियान' के अंतर्गत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तंबाकू नियंत्रण समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी संबोधन और शपथ ग्रहण कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की गई।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें प्राध्यापक दीपक कुमार देवांगन, डॉ. अनिल शर्मा, डॉ. दीप्ति जांगड़े, नरेंद्र कुमार कुलमित्र, डॉ. सुनीता जाखड़, स्टाफ सदस्य भोलूदास तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ. कविता कन्नौजे सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की। उन्होंने समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन माध्यम से प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

महाविद्यालय परिवार ने इस अवसर पर कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। ऐसे में युवाओं को जागरूक बनाकर उन्हें सकारात्मक दिशा देना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। शिक्षा संस्थानों की भूमिका केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना भी उनका दायित्व है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों को समझने तथा अपने परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और उनका सकारात्मक योगदान विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में सहायक होगा।

महाविद्यालय की तंबाकू नियंत्रण समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा समय-समय पर नशा मुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। महाविद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके।