पंडरिया में विधायक भावना बोहरा ने जलाया 21 हजार ‘आशीर्वाद का दीया’, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा और समर्पण के संकल्प के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर पंडरिया के जोरा तालाब में विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में 21 हजार ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासियों ने जोरा तालाब, पंडरिया में 21 हजार दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के दीर्घ सार्वजनिक जीवन, राष्ट्र और जनसेवा एवं समर्पण के संकल्प के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में उनके मार्गदर्शन में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प का प्रेरणास्रोत है।
प्रधानमंत्री जी ने अपने विगत 25 वर्षों के अपने सार्वजनिक जीवन में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को सर्वोपरि रखते हुए देश के गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अनेक योजनाओं और पहलों को आगे बढ़ाया है। भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवा शक्ति को अवसर और गरीब परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
पीएम-किसान सम्मान निधि के माध्यम से पात्र किसान परिवारों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं ‘लखपति दीदी’ जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, जनधन योजना और किसान सम्मान निधि जैसी पहलों ने देश के करोड़ों परिवारों के जीवन को प्रभावित किया है।
सरकार की नीतियों में गरीब, किसान, महिला और युवा को विकास के महत्वपूर्ण आधार के रूप में प्राथमिकता दी गई है। विदेश नीति हो या धारा 370, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक कानून समाप्त करने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से आज भारत का प्रभुत्व पूरे विश्व में बढ़ा है। विधायक भावना बोहरा ने कहा, “आज पंडरिया में जलाया गया यह ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस का दीप नहीं है, बल्कि यह उस विश्वास, सेवा और संकल्प का प्रतीक है जो करोड़ों देशवासियों के मन में राष्ट्र निर्माण के लिए प्रज्वलित है।
प्रधानमंत्री जी ने अपना जीवन भारत माता की सेवा और देशवासियों के कल्याण के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प जनभागीदारी के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर हम सभी संकल्प लें कि अपने क्षेत्र, समाज और राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका पूरी निष्ठा से निभाएंगे। सेवा, सुशासन और जनकल्याण के इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना ही प्रधानमंत्री जी के प्रति सच्ची शुभकामना और सम्मान होगा। इस दौरान उपस्थित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया।