भारी बारिश भी नहीं रोक सकी नशामुक्त भारत की पदयात्रा, 28वें वर्ष में अभियान का शुभारंभ
रायपुर में भारी बारिश के बीच नशामुक्त भारत पदयात्रा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, समाज प्रमुखों, साधु-संतों और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। अभियान लगातार 27 वर्ष पूरे कर 28वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर में भारी बारिश के बीच नशामुक्त भारत पदयात्रा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न समाजों के प्रमुखजनों, साधु-संतों, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया। तेलीबांधा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद पदयात्रा की शुरुआत हुई।
पदयात्रा तेलीबांधा से शुरू होकर मुख्यमंत्री निवास के सामने स्थित भगत सिंह चौक तक पहुंची। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
28वें वर्ष में पहुंचा अभियान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि नशामुक्त भारत और नशामुक्त छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को लेकर पिछले 27 वर्षों से पदयात्रा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है और अब यह अभियान 28वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों से अभियान के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ परिवार और मजबूत समाज के निर्माण की दिशा में काम किया जा सकता है।
मिश्रा ने कहा कि मौसम की विपरीत परिस्थितियां भी नशामुक्ति के संकल्प को नहीं रोक सकतीं। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
साधु-संतों ने दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में बाबा कालिदास, रोहतक हरियाणा, सिंधी समाज के संत युधिष्ठिर महाराज, शदाणी दरबार, नरसिंह बाबा बेलटुकरी, ओडिशा, पंडित सदन तिवारी, ओडिशा, कोमना माई सिमरन देवी, भैरवी धाम राजनांदगांव सहित रायपुर के कई साधु-संत उपस्थित रहे।
संतों ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जनजागरण अभियान को समाजहित से जुड़ा प्रयास बताते हुए युवाओं को संस्कार, सदाचार और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता हुए शामिल
पदयात्रा में रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मुणत, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, रायपुर महापौर मीनल चौबे, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इसके अलावा विभिन्न वार्डों के पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक भी पदयात्रा का हिस्सा बने। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता को आगे बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प लिया।