सक्ती में घर में घुसकर युवक की बेरहमी से पिटाई, मारपीट का वीडियो वायरल
सक्ती जिले के फगुरम गांव में घर में घुसकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. जीके कुर्रे, सक्ती l छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के फगुरम गांव से मारपीट का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ एक घर में जबरन घुसते और एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग लाठी-डंडों से लैस होकर एक मकान का दरवाजा तोड़ते हुए अंदर प्रवेश करते हैं। इसके बाद विवाद बढ़ जाता है और घर के भीतर जमकर मारपीट शुरू हो जाती है। वीडियो में एक युवक को जमीन पर गिराकर कई लोग लाठियों से हमला करते नजर आते हैं। इस दौरान आसपास महिलाएं और अन्य लोग भी मौजूद दिखाई देते हैं, लेकिन कोई भी बीच-बचाव करता नजर नहीं आता।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर फगुरम चौकी पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो की सत्यता, घटना के कारण और मारपीट में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने एक बार फिर सामाजिक हिंसा और कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सार्वजनिक रूप से वायरल हो रहे वीडियो में जिस तरह से युवक के साथ मारपीट की गई, उसने लोगों को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए, न कि हिंसा और भीड़ की ताकत से।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर अफवाह फैलाने से बचने की भी सलाह दी गई है।