चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले नाबालिग सहित एक आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली के पड़ाव चौक के पास बिरयानी दुकान संचालक से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और लूटी गई नगदी बरामद की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. राकेश भास्कर, मुंगेली l शहर के मुख्य क्षेत्र पड़ाव चौक के पास बिरयानी दुकान संचालक से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू तथा लूटी गई नगदी में से 2,400 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रकरण में दाउपारा निवासी फरहाद अख्तर उर्फ सोहेल ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे वह रामगढ़ रोड स्थित अपनी बिरयानी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक दुकान पर पहुंचे और बिरयानी की मांग करने लगे। दुकान बंद होने की बात कहने पर उनमें से एक युवक ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए गल्ले में रखी दिनभर की कमाई लूट ली।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने गल्ले में रखे 500, 200 और 100 रुपये के नोटों सहित करीब 4,000 रुपये निकाल लिए। इसके बाद चाकू दिखाकर फरहाद अख्तर को डराया और उनका पीछा किया। जान बचाने के लिए फरियादी भागते हुए पड़ाव चौक की ओर पहुंचा, जहां लोगों की मौजूदगी देखकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 312 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी अभिषेक टोण्डे तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और लूटी गई रकम में से 2,400 रुपये बरामद किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक टोण्डे उर्फ जादू (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नवागढ़ (जिला बेमेतरा) का निवासी है और वर्तमान में मुंगेली के अंबेडकर वार्ड में रह रहा था। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को नियमानुसार बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े, उप निरीक्षक हरीश साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नेताम, आरक्षक योगेश यादव, अजय चंद्राकर, नोहर डड़सेना और रवि श्रीवास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जिले में लूट, चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।