MP Morning News: CM मोहन यादव के दुबई दौरे का तीसरा दिन, शराब कांड में कार्रवाई और जूडा की हड़ताल; पढ़ें आज की बड़ी खबरें

मध्य प्रदेश में आज की प्रमुख खबरों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे का तीसरा दिन, सागर जहरीली शराब कांड में प्रशासनिक कार्रवाई, अवैध शराब के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान, MBBS इंटर्न्स के समर्थन में जूडा की हड़ताल, MP TET परीक्षा की संभावित तारीख में बदलाव और भोपाल के 365 जिम पर जीएसटी विभाग की कार्रवाई शामिल हैं।

Sep 8, 2026 - 08:02
 0  2
MP Morning News: CM मोहन यादव के दुबई दौरे का तीसरा दिन, शराब कांड में कार्रवाई और जूडा की हड़ताल; पढ़ें आज की बड़ी खबरें

UNITED NEWS OF ASIA. भोपाल। मध्य प्रदेश में आज सुबह की प्रमुख खबरें राजनीति, प्रशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा और आबकारी विभाग की कार्रवाई से जुड़ी हुई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे का आज तीसरा दिन है। वहीं सागर जिले में जहरीली शराब त्रासदी के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। दूसरी ओर MBBS इंटर्न्स के समर्थन में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने हड़ताल का ऐलान किया है। MP TET परीक्षा की प्रस्तावित तारीख को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव के दुबई दौरे का तीसरा दिन

यूएई दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दुबई में कई प्रमुख वैश्विक कंपनियों और निवेशकों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। उनके कार्यक्रम में डीपी वर्ल्ड, क्रेसेंट ग्रुप, जेम्स एजुकेशन, चोइथराम्स और Pure Health सहित प्रमुख उद्योग समूहों के साथ बैठक शामिल है। मुख्यमंत्री शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे और उन्हें इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।

सागर शराब कांड में प्रशासनिक कार्रवाई

सागर जिले में जहरीली शराब त्रासदी के बाद शासन ने प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की है। बंडा के एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को हटाकर पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। उनकी जगह रोहित लखारे को नया एसडीओपी बनाया गया है। वहीं बंडा एसडीएम आरती यादव को भी हटाकर संजय कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी बीच एयरलिफ्ट कर भोपाल एम्स लाए गए मरीज राम प्रसाद लोधी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही एक ही परिवार में पिता-पुत्र की मौत हो गई है।

अवैध शराब के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान

सागर की घटना के बाद आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना के निर्देश पर प्रदेशभर में कार्रवाई की जा रही है। ग्वालियर में हाईवे स्थित महाकाल पंडित ढाबे पर आबकारी टीम ने दबिश देकर करीब 2300 लीटर अमानक स्प्रिट और अवैध शराब जब्त की। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

MBBS इंटर्न्स के समर्थन में जूडा की हड़ताल

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे MBBS इंटर्न्स पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने हड़ताल का ऐलान किया है। जूडा के समर्थन के बाद प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रूटीन OPD और इलेक्टिव OT सेवाएं प्रभावित रहेंगी। हालांकि मरीजों की सुविधा को देखते हुए इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर सेवाएं जारी रखने की बात कही गई है।

MP TET परीक्षा की तारीख पर संशय

शिक्षक पात्रता परीक्षा को ऑफलाइन कराने के प्रस्ताव को लेकर कर्मचारी चयन मंडल के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। ईएसबी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से ऑनलाइन परीक्षा आयोजित कर रहा है और ऑफलाइन परीक्षा के लिए नई एजेंसी की आवश्यकता होगी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 18 सितंबर तक बढ़ाए जाने के बाद 12 अक्टूबर को प्रस्तावित TET परीक्षा के टलने की संभावना जताई जा रही है।

भोपाल में 365 जिम पर GST की कार्रवाई

राजधानी भोपाल के 365 जिम पर टैक्स चोरी की आशंका के चलते जीएसटी विभाग ने कार्रवाई की है। टीम के पहुंचने के बाद जिम की चार शाखाएं बंद हो गईं। वहीं चुना भट्टी स्थित शाखा में अधिकारियों ने दस्तावेजों और ऑनलाइन वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू की है। विभाग की कार्रवाई में टैक्स से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।