सोनपुर से गुम हुई दोनों नाबालिग बालिकाएं कांकेर में सकुशल मिलीं
केशकाल क्षेत्र के सोनपुर गांव से गुम हुई दो नाबालिग स्कूली बालिकाओं को कोंडागांव पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कांकेर से सकुशल बरामद कर लिया। एसपी द्वारा गठित तीन टीमों ने लगातार खोजबीन कर लोकेशन ट्रेस किया।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव | पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सोनपुर से गुम हुई दो नाबालिग बालिकाओं को मात्र 24 घंटे में सकुशल ढूंढ निकाला है। दोनों बच्चियां, जो कक्षा सातवीं की छात्राएं हैं, शनिवार सुबह स्कूल जाने के बाद घर नहीं लौटी थीं, जिसके चलते परिवारजन बेहद चिंतित थे।
गुमशुदगी की जानकारी मिलते ही विश्रामपुरी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर खोजबीन शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा ने तीन विशेष टीमें गठित कीं, जिनका नेतृत्व एडिशनल एसपी कौशलेंद्र देव पटेल के मार्गदर्शन में विश्रामपुरी टीआई विनोद नेताम, केशकाल टीआई ज्ञानेंद्र सिंह चौहान और सायबर सेल प्रभारी सौरभ उपाध्याय द्वारा किया गया।
तीनों टीमों ने लगातार 24 घंटे तक केशकाल, नारायणपुर, कांकेर, रायपुर और ओडिशा दिशा में व्यापक खोजबीन की। दुकानदारों, बस कंडक्टरों, होटल और लॉज संचालकों से पूछताछ की गई तथा दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सर्च के दौरान दोनों बच्चियों का लोकेशन कांकेर में ट्रेस हुआ, जिसके बाद टीम वहां पहुंची और पुष्टि हुई कि बच्चियां सुरक्षित हैं तथा बालिका बाल संपे्रक्षण गृह में रखी गई हैं।
दोनों बालिकाओं को CWD अधिकारियों द्वारा काउंसलिंग के बाद सोमवार को परिजनों को सौंपा जाएगा।
परिजनों ने त्वरित कार्रवाई और लगातार प्रयासों के लिए कोंडागांव पुलिस का आभार व्यक्त किया है।