MCB और जशपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 552 किलो गांजा जब्त कर अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का किया पर्दाफाश

MCB पुलिस से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर जशपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 552 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले में अन्य आरोपियों और वित्तीय नेटवर्क की जांच जारी है।

Jul 17, 2026 - 11:19
 0  4
MCB और जशपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 552 किलो गांजा जब्त कर अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का किया पर्दाफाश

UNITED NEWS OF ASIA. हेमन्त कुमार, एमसीबी l छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) पुलिस और जशपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 552 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई MCB पुलिस द्वारा जुटाए गए तकनीकी इनपुट के आधार पर की गई, जिससे अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई की शुरुआत 5 जून 2026 को MCB जिले में दर्ज एक मामले से हुई थी। उस समय पुलिस ने दो मारुति डिजायर कारों से कुल 556 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। मामले की जांच के दौरान MCB साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण किया और तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।

जांच में मिले इनपुट को जशपुर पुलिस के साथ साझा किया गया। इसके बाद जशपुर जिले के बगीचा और नारायणपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर 14 जुलाई 2026 को करीब 552 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में इसकी आपूर्ति करते थे।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी उपलब्धि है। मामले की जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसकी आपूर्ति श्रृंखला कितनी व्यापक है।

पूरे अभियान का संचालन सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं MCB पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी जुटाकर कार्रवाई को सफल बनाया।

रत्ना सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इससे जुड़े सभी आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान, तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। इसके अलावा अन्य राज्यों की पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि अंतर्राज्यीय स्तर पर संचालित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।