पोलमी घाट में चाकू दिखाकर लूटपाट करने के मामले में कुकदूर पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पोलमी घाट में चाकू दिखाकर रास्ता रोकने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और रुपये लूटने के मामले में कुकदूर पुलिस ने एक आरोपी राघवेन्द्र उर्फ निखिल सोनी को गिरफ्तार किया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लंबा चाकू, लूट की 100 रुपये की रकम और बिना नंबर की डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में अन्य संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच जारी है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुकदूर पुलिस ने पोलमी घाट में चाकू दिखाकर रास्ता रोकने, मारपीट करने और लूटपाट करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राघवेन्द्र उर्फ निखिल सोनी के रूप में हुई है। इस मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लंबा चाकू, लूट की रकम 100 रुपये और बिना नंबर की डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पतासाजी की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
पोलमी घाट में रास्ता रोककर की मारपीट और लूटपाट
पुलिस के अनुसार, ग्राम लुडुटोला-दमगढ़ निवासी हरिश धुर्वे ने 15 अक्टूबर 2026 को थाना कुकदूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 14 अक्टूबर को वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम तिरछुला जा रहा था। इसी दौरान पोलमी घाट में अरझोली नाला के आगे कुछ लोगों ने अपनी मोटरसाइकिल बीच सड़क पर खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि इस दौरान एक व्यक्ति ने बड़ा चाकू दिखाकर गाली-गलौज की और मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब में रखे 100 रुपये जबरन निकाल लिए। आरोपियों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।
अपराध दर्ज कर आरोपी गिरफ्तार, सामग्री जब्त
शिकायत के आधार पर कुकदूर थाने में अपराध क्रमांक 89/2026 दर्ज कर धारा 25 आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 309(6) और 3(5) के तहत विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राघवेन्द्र उर्फ निखिल सोनी और दोनों विधि से संघर्षरत बालकों से प्राप्त मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लंबा चाकू, 100 रुपये और बिना नंबर की डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर राघवेन्द्र उर्फ निखिल सोनी को 15 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं, मामले में अन्य संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच जारी है और पुलिस साक्षियों के बयान सहित विवेचना की शेष कार्रवाई पूरी कर रही है।