महिला दिवस पर महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त जारी, कवर्धा में आयोजित हुआ महतारी वंदन सम्मेलन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त जारी की। कवर्धा में आयोजित महतारी वंदन सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महिलाओं को सम्मानित करते हुए योजना को महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताया।

Mar 9, 2026 - 12:44
 0  4
महिला दिवस पर महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त जारी, कवर्धा में आयोजित हुआ महतारी वंदन सम्मेलन

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त जारी की। बस्तर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से यह राशि जारी की गई। इसी अवसर पर कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित वीर सावरकर भवन में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडे भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान बताया गया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 24 किश्तों में जिले की 2.48 लाख से अधिक माताओं और बहनों को कुल 563.49 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। महिला दिवस के अवसर पर योजना की 25वीं किश्त जारी कर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिले के अन्य आठ स्थानों—रणवीरपुर, बोड़ला, चिल्फी, तरेगांव, पंडरिया, कुंडा, कुकदुर और दशरंगपुर—में भी महतारी वंदन सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत हमेशा महिलाओं से होती है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में माताओं को देवी के रूप में पूजनीय माना जाता है और इतिहास में भी महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आदि शंकराचार्य और मंडन मिश्रा के शास्त्रार्थ में निर्णायक की भूमिका एक विदुषी महिला उभय भारती ने निभाई थी।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सक्षम हो रही हैं। साथ ही महिलाओं को स्व सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ते हुए लखपति दीदी के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके, इसके लिए प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा महिला स्व सहायता समूहों के लिए महतारी सदन का निर्माण भी किया जा रहा है, जो विशेष रूप से महिलाओं के लिए समर्पित होगा।

सांसद संतोष पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि महिला केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि माता सीता और जीजाबाई जैसे उदाहरण बताते हैं कि महिलाओं के संस्कार और मार्गदर्शन से ही समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने वादे के अनुसार महतारी वंदन योजना की शुरुआत की और अब तक 24 किश्तें जारी की जा चुकी हैं।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में गंगोत्री, यशोधरा मानिकपुरी, प्रीति सिंह परिहार, श्वेता शर्मा, पायल श्रीवास्तव, सरस्वती निषाद, चंद्र कुमारी, रंजना भट्ट, सुकून चंद्रवंशी, अनीता पाली, खुशबू, अनीता केसरवानी, रीना शर्मा, अश्वनी श्रीवास्तव, विवेका हैरिस, सरोज शर्मा, निकिता डड़सेना और संगीता साहू शामिल रहीं। इसके साथ ही सामाजिक संस्था “नई सोच नई राह नारी शक्ति टीम” को भी महिला सशक्तिकरण और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।