नई थार को M_Glyde 4G प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है, जिसका इस्तेमाल Thar Roxx में भी किया गया है। कंपनी के अनुसार नया प्लेटफॉर्म वाहन को बेहतर मजबूती और संतुलन प्रदान करता है। इससे हाईवे पर स्थिरता के साथ-साथ ऑफ-रोडिंग के दौरान कंट्रोल बेहतर होने की उम्मीद है। मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर के चलते कैबिन में कंपन और शोर को कम करने पर भी ध्यान दिया गया है।
सस्पेंशन में भी बड़ा बदलाव किया गया है। नई Thar OG में रियर व्हील्स के लिए Penta-link सस्पेंशन दिया गया है, जो Watts Link तकनीक से लैस है। इसके अलावा इसमें DAVINCI डैम्पिंग तकनीक यानी फ्रिक्वेंसी डिपेंडेंट डैम्पिंग का इस्तेमाल किया गया है। यह तकनीक सड़क की स्थिति के अनुसार सस्पेंशन के व्यवहार को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में मदद करती है, जिससे उबड़-खाबड़ रास्तों पर आरामदायक ड्राइविंग अनुभव मिलने का दावा किया गया है।
इंजन विकल्पों में भी अपडेट किया गया है। इसमें 2.0-लीटर mStallion टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 160 bhp की पावर और 330 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन 150 bhp की पावर देता है। इसके अलावा 1.5-लीटर डीजल इंजन का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा, जो 116 bhp की पावर देता है। ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार RWD और 4WD विकल्प चुन सकेंगे।
नई Thar OG में इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग यानी EPS दिया गया है। पुराने हाइड्रोलिक स्टीयरिंग की तुलना में इससे कम स्पीड पर और पार्किंग के दौरान स्टीयरिंग को घुमाना आसान होने की उम्मीद है। इसके साथ ही मैकेनिकल लॉकिंग डिफरेंशियल की जगह इलेक्ट्रॉनिक लॉकिंग डिफरेंशियल दिया गया है। एसयूवी में Snow, Sand और Mud जैसे टेरेन मोड के साथ Zip और Zoom ड्राइविंग मोड भी मिलते हैं।
सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो नई Thar OG में ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक और 6 एयरबैग्स को स्टैंडर्ड रखा गया है। टॉप वेरिएंट में 19-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। इसके अलावा TPMS, अपडेटेड फ्रंट और रियर बंपर, रिफ्रेश्ड ग्रिल और रियर पार्किंग कैमरा जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। इन बदलावों के साथ कंपनी ने 3-डोर Thar OG को पुराने मॉडल की पहचान बरकरार रखते हुए मैकेनिकल और सेफ्टी स्तर पर अपडेट किया है।