महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ा अभियान, 132 लीटर शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में अवैध महुआ शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बागबाहरा, तेंदुकोना एवं सांकरा क्षेत्र में छापामार कार्रवाई कर 132 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई है। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत जेल भेजा गया है।

Feb 27, 2026 - 19:39
 0  19
महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ा अभियान, 132 लीटर शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, महासमुंद | जिले में अवैध गतिविधियों एवं नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बागबाहरा, तेंदुकोना एवं सांकरा पुलिस द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में कई ठिकानों पर दबिश देकर अवैध महुआ शराब बनाने वालों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई।

पुलिस कार्रवाई के दौरान ग्राम हरनादादर, सावित्रीपुर तथा बुंदेली क्षेत्र से कुल 132 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 44 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन एवं अन्य सामग्री भी जब्त की गई। वहीं मौके पर पाए गए लगभग 150 किलोग्राम महुआ लाहन को नष्ट किया गया।

यह कार्रवाई मुख्य रूप से थाना बागबाहरा, थाना तेंदुकोना तथा थाना सांकरा क्षेत्र में की गई।

थाना बागबाहरा क्षेत्र में अपराध क्रमांक 41/26 एवं 42/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज देवांगन (27 वर्ष) एवं रमेश डहरिया (62 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम हरनादादर, थाना बागबाहरा, जिला महासमुंद जिला शामिल हैं। इनके कब्जे से 95 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 19 हजार रुपये बताई गई है, तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन और अन्य सामग्री जब्त की गई।

इसी प्रकार थाना तेंदुकोना क्षेत्र में अपराध क्रमांक 28/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत रेवाराम सोनी (51 वर्ष), निवासी भुरकोनी चौकी बुंदेली, थाना तेंदुकोना को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 12 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2400 रुपये है, जब्त की गई।

वहीं थाना सांकरा क्षेत्र में अपराध क्रमांक 37/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत बिच्छू कुमार रात्रे (25 वर्ष), निवासी सावित्रीपुर, थाना सांकरा को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 5 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में कुल चार आरोपियों को अलग-अलग प्रकरणों में गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक जिले में अवैध महुआ शराब बनाने, बेचने एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध 1681.640 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 97 हजार रुपये बताई गई है। वर्तमान समय तक 101 प्रकरणों में 115 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कार्यों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।