महानदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, शिवरीनारायण में कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा

महानदी के बढ़ते जलस्तर और तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल, तटीय क्षेत्रों और राहत शिविर का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर महानदी पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।

Sep 28, 2026 - 16:42
 0  2
महानदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, शिवरीनारायण में कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l महानदी के बढ़ते जलस्तर और जांजगीर-चांपा जिले के तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की तैयारियों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर महानदी के बैराज, पुल और तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही संभावित जलभराव, सुरक्षा व्यवस्था और राहत-बचाव की तैयारियों की जानकारी ली। कलेक्टर और एसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और स्थिति में बदलाव होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने शिवरीनारायण बैराज और महानदी पुल के साथ तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। राहत शिविर में प्रभावित नागरिकों के ठहरने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों ने राहत शिविर में रह रहे लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

महानदी पुल पर आवागमन बंद

महानदी में पानी का बहाव बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा पुल और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। लोगों को तेज बहाव वाले पानी के पास जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। जलस्तर और बहाव की स्थिति को देखते हुए अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।

स्वास्थ्य टीमें तैनात

जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जलभराव के कारण संभावित बीमारियों और संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी उपाय भी किए जा रहे हैं।

कलेक्टर-एसपी ने राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक मानव संसाधन और अन्य संसाधन तैयार रखने को कहा गया है।

तटीय क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को किया जा रहा सतर्क

संवेदनशील और तटीय क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को संभावित जलभराव और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर, पुल-पुलियों और आवागमन वाले मार्गों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने नागरिकों से नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। लोगों से तेज बहाव के पास सेल्फी या वीडियो बनाने से बचने और सुरक्षा के मद्देनजर बंद किए गए मार्गों पर जाने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन द्वारा महानदी के तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। पुलिस, राजस्व, नगर सेना और जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रखे गए हैं। निरीक्षण के दौरान शिवरीनारायण नगर पालिका अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।