पहला मामला 10 सितंबर 2026 की शाम का है। ग्राम टेंको, थाना राजिम, जिला गरियाबंद निवासी पवन कुमार साहू अपने साथी तुलुराम साहू के साथ ग्राम सिंगपुर से रिश्तेदारी से वापस लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे चारभाठा और सेन्दूभाठा के बीच मोटरसाइकिल से जाते समय बाइक सवार युवकों ने उनका पीछा किया और ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए चाकू दिखाकर धमकी दी तथा पवन साहू की जेब से 10,100 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन और आवश्यक दस्तावेज लूट लिए। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 167/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड पुलिस ने प्रार्थी और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने चारभाठा और मड़ेली क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूटी गई नगदी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, वीवो मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता एक अन्य लूट के मामले में भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। दूसरे मामले में राजकुमार तीरधारी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम रवेली, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद, वर्तमान में शिक्षक कॉलोनी कुरूद निवासी और स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। 11 सितंबर को वे कंपनी के वसूली कार्य से ग्राम मड़ेली जा रहे थे। करीब 11 बजे वाहन खड़ा कर मोबाइल पर बात करने के दौरान सुनील ध्रुव, नीतीश ध्रुव और एक विधि से संघर्षरत बालक वहां पहुंचे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा चाकू दिखाकर धमकी दी। इसके बाद 1,500 रुपये नगद, बैग और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने दूसरे मामले में अपराध क्रमांक 168/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच में दोनों प्रकरणों में आरोपियों की संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य मिलने का दावा किया गया। पुलिस के अनुसार सुनील कुमार ध्रुव, उम्र 20 वर्ष, निवासी मड़ेली, दोनों मामलों में आरोपी है, जबकि सुरेन्द्र कुमार ध्रुव, उम्र 27 वर्ष, निवासी चारभाठा, पहले मामले में आरोपी है। दूसरे मामले में नीतीश ध्रुव की संलिप्तता बताई गई है। दो विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपी के संबंध में विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, चौकी या पुलिस हेल्पलाइन को दें।