UNITED NEWS OF ASIA. नेमिष अग्रवाल, राजनंदगांव | छत्तीसगढ़ की धर्मनगरी डोंगरगढ़ में स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर में लगने वाले प्रसिद्ध मेले को लेकर राजनांदगांव पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार पूरे मेला क्षेत्र में 850 अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था मिल सके।
पुलिस ने मेला क्षेत्र को चार अलग-अलग जोन में विभाजित कर जोन-सेक्टर सिस्टम लागू किया है। जोन-1 में मंदिर का गर्भगृह, सीढ़ियां, रोपवे और आसपास के संवेदनशील क्षेत्र शामिल हैं, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। जोन-2 में नीचे स्थित मंदिर परिसर, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों को कवर किया गया है।
जोन-3 के तहत यातायात और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा रहा है, जिसमें अंजोरा बायपास से आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, जोन-4 में सामान्य कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मेले के दौरान क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और विशेष अपराध नियंत्रण दल लगातार सक्रिय रहेंगे। पुलिस की प्राथमिकता चार मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित है—मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अधिकारियों और जवानों को 10 दिवसीय ड्यूटी के लिए ब्रीफिंग दी। उनके साथ कमांडेंट प्रशांत कत्लम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर भी मौजूद रहे।
पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस वर्ष का डोंगरगढ़ मेला आस्था के साथ-साथ सुरक्षा का भी एक मजबूत उदाहरण बनकर सामने आ रहा है।