सड़क सुरक्षा के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश, कलेक्टर गोपाल वर्मा ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

कवर्धा में कलेक्टर गोपाल वर्मा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में ब्लैक स्पॉट पर सुधार, दुर्घटना रोकथाम, साइनेज, स्पीड ब्रेकर और जन-जागरूकता अभियानों पर जोर दिया गया।

Jan 14, 2026 - 11:23
Jan 14, 2026 - 11:25
 0  10
सड़क सुरक्षा के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश, कलेक्टर गोपाल वर्मा ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर  गोपाल वर्मा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुगमता तथा सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर  गोपाल वर्मा ने जिले में चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए कि इन स्थानों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्रता से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने हाल ही में चिन्हांकित नए ब्लैक स्पॉट पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। कलेक्टर ने सड़कों पर मरम्मत कार्य, मुख्य मार्गों के शोल्डर का समतलीकरण तथा स्पष्ट ट्रैफिक संकेतकों की स्थापना को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, स्पष्ट साइनेज, रेडियम पट्टियाँ लगाने तथा सड़क किनारे पेड़ों और झाड़ियों की छटाई कर दृश्य बाधाओं को दूर करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही राजकीय मार्गों से राष्ट्रीय राजमार्ग में जुड़ने वाली सड़कों पर स्पीड ब्रेकर, ब्रेकर मार्किंग और चेतावनी बोर्ड लगाने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर वर्मा ने जिले के अंतर्गत चिन्हांकित दुर्घटना-प्रवण घाटी मार्गों पर विशेष प्राथमिकता से क्रैश बैरियर, कैट्स आई, संकेतक बोर्ड एवं अन्य सुरक्षा उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन उपायों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।

बैठक में कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, हेलमेट और सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग एवं ड्रंक एंड ड्राइव जैसे खतरनाक व्यवहारों के दुष्परिणामों को आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके लिए एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड के सदस्यों की सहभागिता से रंगोली प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली जैसी गतिविधियां आयोजित करने को कहा गया।

बैठक में अपर कलेक्टर  विनय पोयाम, सभी अनुविभागीय अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारी, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग, सभी जनपद सीईओ एवं सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।